logo

Ranchi : राज्य में भ्रष्टाचार की ढंग से जांच हुई तो जेल में होगा पूरा सोरेन परिवार- बाबूलाल मरांडी

A32.jpg

रांची: 

मंगलवार को रांची में आयोजित एक अभिनंदन कार्यक्रम में बोरियो विधानसभा सीट से पूर्व विधायक ताला मरांडी और पूर्व एमएलसी तथा वरिष्ठ राजनेता प्रवीण सिंह ने बीजेपी में वापसी कर ली। बीजेपी विधायक दल के नेता और प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने दोनों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इनकी वापसी से झारखंड में पार्टी को मजबूती मिलेगी। झारखंड की दमनकारी सत्ता के खिलाफ हमारी आवाज और बुलंद होगी। दोनों नेता परिवार के पुराने सदस्य हैं जो लौट आये हैं। 

मौजूदा हेमंत सरकार पर साधा निशाना
इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में लोग झारखंड को लेकर आश्चर्य व्यक्त करते हैं। ताजा हालात की वजह से दूसरे राज्यों में झारखंड के भ्रष्टाचार और ठप पड़े विकास की चर्चा होती है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग झारखंड की दीमक की तरह चाट रहे हैं। सत्ताधारी लोग झारखंड के संसाधन को ना केवल लूट रहे हैं बल्कि लुटवा भी रहे हैं। दागी अधिकारियों को अहम पदों पर बिठाया गया है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस लूटकांड के लिए बाहरियों को को संरक्षण दिया जा रहा है। पूरे प्रदेश में भीषण लूट मची है। 

सोरेन परिवार पर बाबूलाल का तीखा हमला
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने नाम पर खनन पट्टा का लीज लेते हैं। अपने भाई को माइनिंग कंपनी में पार्टनर बनाते हैं। पत्नी को आदिवासी जमीन दिलाते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक भ्रष्ट अधिकारी के घर पर कार्रवाई हुई। अवैध तरीके से कमाया गया करोड़ों रुपया मिला। ईडी ने कार्रवाई की तो एक पार्टी विशेष को तकलीफ हो गई। उसके कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए।

मुख्यमंत्री भ्रष्ट अधिकारियों के पक्ष में खड़े होते हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि सोरेन परिवार के लूटकांड की ढंग से जांच होगी तो हर सदस्य जेल में होगा। 28 महीने में इन्होंने विकास का एक भी काम नहीं किया। 

ताला मरांडी और प्रवीण सिंह की वापसी खुशी की बात
ताला मरांडी और प्रवीण सिंह की पार्टी में वापसी को लेकर बाबूलार मरांडी ने कहा कि ये खुशी का मौका है। परिवार के दो सदस्य वापस लौट आए हैं। पार्टी मजबूत होगी।

आवाज को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि मैं कार्यकर्ताओं से आह्वान करता हूं कि झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि इस समय देश हो या झारखंड, एक ही विकल्प है। इस देश का विकास केवल बीजेपी ही कर सकती है। अन्य पार्टियां परिवार से आगे नहीं सोच पाती।