logo

मांडर उपचुनाव : कांग्रेस ने झारखंडी जनभावना का सम्मान नहीं किया, बीजेपी ने दिया अलग राज्य का तोहफा: बाबूलाल 

a302.jpg

डेस्क: 

मांडर विधानसभा उपचुनाव को लेकर के बीजेपी विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मांडर के विभिन्न पंचायतों में जनसंपर्क और जनचौपाल अभियान को संबोधित किया। बारिश के बावजूद कार्यक्रम में भारी भीड़ देखी गई। जनसंपर्क और जन चौपाल को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और झामुमो पर हमला बोलते हुए परिवारवाद और भ्रष्टाचार को निशाना बनाया।

कहा कि कांग्रेस और झामुमो का चरित्र ही परिवारवाद और भ्रष्टाचार है। यह लोग पैसे और परिवार के लिए राजनीति करते हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि एनडीए की प्रत्याशी गंगोत्री कुजूर को एक एक वोट देकर कांग्रेस झामुमो के परिवारवाद और भ्रष्टाचार पर चोट करना है।

 

किसानों की चिंता करती है भारतीय जनता पार्टी! 
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गांव गरीब किसानों की चिंता करती है। अंत्योदय के सपने को साकार करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पूरा विश्व परेशान था उस काल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों की चिंता की।

80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज, फ्री वैक्सीन दिया। किसानों के खाते में ₹ 6000, हर घर नल से जल, शौचालय, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना समेत सैकड़ों योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि गांव गरीब किसान की चिंता करने वाली बीजेपी को वोट देकर जिताएं।

उन्होंने कहा कि झारखंड में बीजेपी की सरकार बनते ही गांव-गांव में सड़कें और सिंचाई की व्यवस्था की जाएगी।

कांग्रेस ने झारखंडी जनभावना का सम्मान नहीं किया!
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही लेकिन प्रदेश की जनता की भावना का कभी सम्मान नहीं किया। झारखंड राज्य को झामुमो और कांग्रेस ने नहीं बनाया बल्कि केंद्र में बीजेपी की सरकार बनते ही अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग राज्य बनाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश निर्माण से पूर्व सड़क बिजली और मूलभूत समस्याओं का घोर अभाव था।

सरकार बनने के उपरांत बीजेपी ने प्रदेश को सजाया और संवारा। सड़क, बिजली व मूलभूत समस्याओं का निराकरण हुआ। जनता से अपील करते हुए कहा जिस पार्टी ने अलग राज्य बनाया जिस पार्टी ने विकास के कार्य किए उसे ही वोट करना है।

उन्होंने कहा इस सरकार में चोरी, हत्या, अपहरण और दुष्कर्म के हजारों मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा जो सरकार अपराधियों को पकड़ नहीं सकती उसे वोट नहीं करना है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में भ्रष्टाचार व्याप्त है, भ्रष्टाचार में सरकार की सीधे संलिप्तता है।

ऐसे सरकार को सबक सिखाना है।

सत्ताधारी दल के लोगों का विकास होता जा रहा है! 
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में विकास कार्य तो नहीं हुआ किंतु सत्ता में बैठे दलों का खूब विकास हो रहा है। गरीबों को बालू उठाने पर भी पुलिस पकड़ रही है जबकि सत्ताधारी दलों के लोग बिहार और बंगाल में बालू बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोयला बालू और खनिज संपदा की जमकर लूट मची है। इस लुटेरी सरकार को उखाड़ फेंकना है, इसकी शुरुआत मांडर से करनी है।

उन्होंने कहा कि पत्नी, साली, परिवार और उनके प्रतिनिधि व उनके परिवार सत्ता का दुरुपयोग कर खदान पट्टा और जमीन का पट्टा लिखवा रहे हैं। जो लुटेरे हैं उन्हें हराना है।

जनचौपाल कार्यक्रम में बारिश के बावजूद जुटी भीड़
 बारिश के बीच जनसंपर्क अभियान और जन चौपाल का आयोजन हुआ। भीगते हुए भी भारी संख्या में लोग बाबूलाल मरांडी को सुनने पहुंचे। इस दौरान पारंपरिक गीत, नृत्य, फूल और माला के साथ स्वागत किया गया। चोरेया में शहीद जवान अभिषेक साहू के स्मारक पर माल्यार्पण और कार्यालय का उद्घाटन किया। साथ ही बाबूलाल मरांडी ने आम लोगों के बीच पर्चा वितरण किया।

जनसंपर्क और जन चौपाल बिजुपाड़ा मंडल के तरंगा, चौरेया, चामा, ताला, रौल, करकट, डांगर, लुण्डरी पंचायत में जनसंपर्क व जन चौपाल अभियान चला। कार्यक्रम को कांके के विधायक समरी लाल ने भी संबोधित किया।