logo

मांडर उपचुनाव : जब से बनी है हेमंत सरकार, राज्य में लग रहे हैं पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे: बाबूलाल

a363.jpg

डेस्क: 

मांडर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने लापुंग प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में जन-चौपाल को संबोधित किया। बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस झामुमो को भ्रष्टाचारी दल बताते हुए कहा कि  मांडर के निवर्तमान विधायक की विधायकी भ्रष्टाचार के आरोप में चली गई। ढाई वर्षो में सत्ता में बैठे दलों के लोगों ने अपना विकास किया। कोयला बालू लोहा जमीन लूटने का कार्य निरंतर जारी है।


उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि झारखंड को लूटने वाले कांग्रेस, झामुमो और राजद को वोट नहीं करना है। उन्होंने कहा सत्ताधारी दल के लोग अपने और अपने परिवार व प्रतिनिधियों के नाम पर खदान का पट्टा और उद्योग के नाम पर जमीन का पट्टा लेने का काम कर रहे हैं। 

 

बिना घूस लिए काम नहीं करता सरकारी बाबू! 
बाबूलाल मरांडी ने कहा हेमंत सरकार झारखंड विरोधी सरकार है। उन्होंने कहा जो झारखंड के बारे में नहीं सोचता उन्हें छुट्टी करनी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था चौपट हो चुका है। जो सुरक्षा नहीं दे सकते उन्हें वोट नहीं देना है। उन्होंने कहा जिन्हे सुरक्षा देना है वह पुलिसकर्मी सत्ताधारी दल के इशारे पर वसूली में लगे हैं।उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार रही तो भ्रष्टाचार समाप्त नहीं हो सकता। पदाधिकारी के घर छापा पड़ता है तो सरकार को दर्द होता है, इससे स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार में हेमंत सरकार शामिल रही है। 


उन्होंने कहा सभी सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार अपने चरम सीमा पर है। बिना घूस के कोई काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि यह अवसर है भ्रष्टाचारियों को खदेड़ने का। उन्होंने मतदाताओं से गंगोत्री कुजूर को एक एक वोट देकर भारी मतों से जीत दिलाने का आह्वान किया।

 

बीजेपी ने झारखंड को सजाया और संवारा है! 
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बीजेपी ने झारखंड को अलग राज्य बनाने के साथ-साथ सजाने और संवारने का भी काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 वर्षों के कार्यकाल में गांव गरीब किसान को प्राथमिकता दी है। सैकड़ों योजनाएं अंत्योदय को देखते हुए चलाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि गांव का विकास और गरीबों का विकास कैसे हो इसकी चिंता बीजेपी करती है जबकि कांग्रेस झामुमो और राजद जैसी पार्टियां पैसे और परिवार के लिए राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि ढाई वर्षो से विकास कार्य रुका हुआ है। प्रदेश की जनता मांडर विधानसभा की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि इन लुटेरों को हराकर झारखंड से उखाड़ फेंकना है इसकी शुरुआत मांडर से करनी है।

पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगता है! 
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब से हेमंत सरकार बनी है पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं। पंचायत चुनाव से लेकर असदुद्दीन ओवैसी के रांची आने के क्रम में रांची में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जिंदाबाद कहने वालों को हेमंत सरकार संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा जब से हेमंत सरकार बनी है देश विरोधी शक्ति एक्टिव हुए हैं। देश विरोधी नारे लगाने वालों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। भारत में देश विरोधी नारा लगाना बेहद शर्मनाक है।