logo

बाबूलाल मरांडी ने धनबाद में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई

a739.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, धनबाद:

धनबाद लोकसभा सीट पर जीत की तैयारियों के मद्देनजर गुरुवार को बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में जिला पार्टी कार्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक में बाबूलाल मरांडी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के टिप्स दिये। बैठक में शामिल कुल 37 पदाधिकारियों को चुनाव संबंधी जानकारी दी गई। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कार्यकर्ता और पदाधिकारी लोकसभा क्षेत्र के तमाम बूथों पर पहुंचें। लोगों को केंद्र सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। पार्टी क्या कदम उठा रही है उसकी भी जानकारी दे। 

बैठक में इन लोगों ने नहीं लिया हिस्सा
दिलचस्प बात यह है कि इस बैठक में धनबाद विधायक राज सिन्हा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रागनिनी सिंह और पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल शामिल नहीं हुये। बताया जा रहा है कि धनबाद लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों की दावेदारी के लिए तीनों दिल्ली में कैंप कर रहे हैं। गौरतलब है कि अभी यहां से मौजूदा सांसद पशुपतिनाथ सिंह हैं। हालांकि, उम्र को देखते हुए उनको टिकट मिलने की संभावना कम दिखाई पड़ रही है। बाघमारा विधायक ढुल्लो महतो भी दावेदारों की लिस्ट में शामिल हैं। 

बाबूलाल मरांडी के साथ ये लोग हुए शामिल
धनबाद बीजेपी पार्टी कार्यालय में आयोजित चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में बाबूलाल मरांडी के अलावा बोकरो विधायक बिरंचि नारायण, धनबाद लोकसभा प्रभारी सुरेश प्रसाद साहू और सत्येंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। 

झारखंड की 11 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी तय
गौरतलब है कि बीजेपी ने झारखंड की 14 में से 11 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। गिरिडीह सीट आजसू पार्टी के खाते में है इसलिए वहां आजसू पार्टी ही उम्मीदवार का ऐलान करेगी। बीजेपी ने खूंटी, पलामू, दुमका, गोड्डा, राजमहल, लोहरदगा, सिंहभूम, रांची, हजारीबाग, जमशेदपुर और चाईबासा में उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। अभी तीन सीटों पर उम्मीदवारों का नाम तय नहीं हुआ है। इनमें धनबाद, चतरा और गिरिडीह है। धनबाद में उम्मीदवार का नाम तय करने को लेकर मंथन जारी है।