logo

मांडर उपचुनाव : बोले बाबूलाल, गंगोत्री कुजूर को वोट देकर हेमंत सरकार को सिखाएं सबक

a213.jpg

डेस्क: 

राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में हो रही झमाझम बारिश के बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक दल के नेता मांडर उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी गंगोत्री कुजूर के पक्ष में वोट की खातिर लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

इसी सिलसिले में बुधवार को बाबूलाल मरांडी ने मांडर के अलग-अलग पंचायतों में जनंसपर्क अभियान चलाया। बाबूलाल मरांडी ने चौपाल को भी संबोधित किया। रूक-रूक कर हो रही बारिश के बीच भी लोगों में उत्साह दिखा। 

परिवार की राजनीति करती है झामुमो-कांग्रेस! 
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने मतदाताओं को पहले मतदान फिर जलपान की अपील करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप में निवर्तमान विधायक की सदस्यता चली गई। कांग्रेस, झामुमो और राजद पैसे और परिवार के लिए राजनीति करती है, ऐसे दलों को इस चुनाव में सबक सिखाना है। ढाई वर्ष में झारखंड में विकास का कार्य नहीं हुआ। यह लोग झारखंड को लूटने में लगे हैं। मुख्यमंत्री अपने व अपने परिवार के नाम पर सत्ता का दुरपयोग कर खदान पट्टा ले रहे हैं। 

लोकतंत्र के घातक है मौजूदा झारखंड सरकार! 
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उद्योग के नाम पर पत्नी और साली के नाम पर जमीन खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा जो सरकार पैसे परिवार और भ्रष्टाचार के लिए राजनीति करती है वह लोकतंत्र के लिए घातक है।

उन्होंने कहा कि रांची का हंगामा सरकार द्वारा प्रायोजित था। यह हंगामा भ्रष्टाचार के आरोपों से ध्यान हटाने के लिए सरकार द्वारा कराया गया। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 वर्ष के कार्यकाल में अंत्योदय के सपने को साकार किया गया।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है केंद्र की योजनाएं! 
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक केंद्र की योजनाएं सीधे पहुंच रही है। गरीबों के लिए आयुष्मान, आवास, उज्जवला, हर घर नल से जल समेत सैकड़ों योजनाएं चल रही है।

कोरोना काल में जब पूरा विश्व परेशान था तब प्रधानमंत्री ने 80 करोड लोगों के लिए अन्य की व्यवस्था और सभी नागरिकों के लिए मुफ्त कोरोना वैक्सीन की व्यवस्था किया। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट देकर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है। 

झारखंड में ध्वस्त हो चुकी है कानून-व्यवस्था! 
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य बनने के पूर्व सड़क बिजली व मूलभूत आवश्यकताओं की कमी थी। किन्तु भारतीय जनता पार्टी ने अलग राज्य के साथ-साथ प्रदेश में विकास के कई कार्य किए। जबकि कांग्रेस झामुमो और राजद झारखंड को लूटने में लगे हैं।

उन्होंने कहा कि दंगा फसाद चोर लुटेरों को जेल में डालने के बजाय पुलिस सत्ता के इशारे पर वसूली करने में लगी है।

इस सरकार में कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार की स्थिति बद से बदतर है। ऐसी लुटेरी सरकार के खिलाफ वोट करें और एनडीए की प्रत्याशी गंगोत्री कुजूर को भारी से भारी मत देकर विजयी बनाएं। जनसम्पर्क और चौपाल अभियान पड़री, बलसोकरा, पतरातू, सोंस, रघुनाथपुर, सिलागाई, मुरतो, बैयासी, चटवल पंचायत में चला।