logo

क्या आदिवासी को कानून में लूट और अपराध की छूट मिली है? सीएम हेमंत की किस बात पर बाबूलाल ने किया तंज

bibe.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आज संकल्प यात्रा के क्रम में सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र की जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चार वर्षों में हेमंत सरकार ने झारखंड को केवल भ्रष्टाचार,  अपराध,खान खनिज, बालू पत्थर, जमीन, अनाज की लूट करवाया है। इसलिए मैं संकल्प यात्रा  के माध्यम से हेमंत सरकार को धूमधाम से विदाई देने का संकल्प दिलाने आया हूं। राज्य में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है। मुख्यमंत्री खुद भ्रष्टाचार में शामिल हैं। खान, खनिज, जमीन, पत्थर, बालू और गरीबों का अनाज सब की लूट मची है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनका परिवार गरीबों आदिवासियों की जमीन नाम बदलकर कर लूट रहे। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां जब चोरी पकड़ती है तो आदिवासी का हवाला देते हैं। परेशान करने का आरोप लगाते हैं। क्या आदिवासी को कानून में लूटने और अपराध करने की छूट मिली है?मुख्यमंत्री लुटेरों, बिचौलियों दलालों को बचाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर सुप्रीम कोर्ट में पैरवी कर रहे हैं। अगर वे बेदाग हैं तो फिर ईडी की पूछताछ से भाग क्यों रहे? 


चार सालों से विकास कार्य ठप्प 
उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों की हिम्मत बढ़ गई है। जेल से मोबाइल पर धमकी दे रहे। व्यवसाई वर्ग दहशत में जी रहा। बहन बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं। पेट्रोल से जलाया जा रहा, टुकड़ों में काट दिया जा रहा। कहा कि संजू प्रधान की हत्या को सरकार ने सीबीआई जांच नही कराकर उसकी लीपा पोती की। पुलिस टूल की तरह काम कर रही। अपराधियों को नहीं पकड़ती और वसूली में व्यस्त रहती है। पदाधिकारी बोलते हैं देकर आए हैं तो लेंगे ही। मोबाइल की तरह पोस्ट को रिचार्ज कराना पड़ता है। पिछले चार वर्षों में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं। सरकार सड़क का मरम्मत भी नहीं करवा पा रही। आज विद्यालय में शिक्षक नहीं, अस्पताल में डॉक्टर्स नहीं, नर्स नहीं, दवाई नहीं। कई नियुक्ति वर्ष बीत गए लेकिन युवाओं को नौकरी नही मिली। आज प्रदेश में लाखों पद खाली पड़े हैं।


भाजपा विकास के लिए प्रतिबद्ध है
श्री मरांडी ने कहा कि भाजपा ही विकास और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास सार्थक हो रहा। मोदी सरकार ने गांव , गरीब, किसान मजदूर महिला युवा सभी वर्गों की चिंता की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक कार्य किए। रक्षा बंधन के अवसर पर गैस सिलेंडर सस्ता किया। अब लोकसभा विधानसभा चुनावों में 33% आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करके देश प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने केलिए क्रांतिकारी कदम उठाए। प्रधानमंत्री देश के विकास केलिए जनता को एकजुट होने की बात करते हैं जबकि इंडी एलायंस के लोग अपने परिवार की राजनीति को बचाने तथा भ्रष्टाचार को छुपाने केलिए एकजुट हो रहे। झारखंड का विकास भाजपा और एनडीए सरकार ही कर सकती है। वर्ष 2024के चुनाव में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने और प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाने का आह्वान किया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N