logo

मलखान सिंह की घर वापसी पर बोले बाबूलाल- बीजेपी का पूरे प्रदेश में बढ़ेगा जनाधार

malkhan1.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
आज सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल अनुमंडल मैदान में भाजपा द्वारा मिलन समारोह का आयोजन हुआ। सैकड़ों समर्थकों  के साथ ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल ने कहा कि भाजपा ही राज्य के निर्माण से लेकर विकास के लिए समर्पित और संकल्पित पार्टी है। मलखान सिंह की घर वापसी हुई है। इनके पार्टी में पुनः सक्रिय होने से सिर्फ कोल्हान में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में पार्टी का जनाधार बढ़ेगा। आजादी के पूर्व से अलग झारखंड राज्य की लड़ाई चल रही थी लेकिन 65 वर्षों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस पार्टी ने कभी भी झारखंड की जन भावनाओं को नहीं समझा। कांग्रेस यहां के आदिवासी मूलवासी को वोट बैंक समझती रही। वोट लिया ,और नोट देकर आंदोलन को खरीदा। 


भ्रष्टाचार छिपाने के लिए आदिवासियत का सहारा लिया जाता है
अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में बनी केंद्र सरकार ने अपने वादे के अनुरूप जन भावनाओं का सम्मान करते हुए अलग राज्य का सपना साकार किया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राज्य का गठन किया। एक आदिवासी को राज्य का पहला मुख्यमंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि आज भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए आदिवासी होने का सहारा लिया जाता है। लेकिन राज्य की जनता जान चुकी है कि झामुमो कांग्रेस के नेतृत्व में बनी झारखंड सरकार को राज्य के जनता की भलाई से कुछ लेना देना नही है। 


जमीन को लूटा है सोरेन सरकार ने 
उन्होंने कहा कि जल जंगल जमीन की बात कर सत्ता में आए झामुमो कांग्रेस के नेताओं ने राज्य के खान खनिज, कोयला, लोहा,पत्थर, बालू को लूटा और लुटवाया है। बिचौलिए दलाल आज राज्य की सत्ता चला रहे। पूर्व मुख्यमंत्री आज जेल में है तो वो अपने लूट और भ्रष्टाचार के कारण। नाम बदलकर जमीन लूटने के कारण। हेमंत सोरेन ने हेमंत कुमार सोरेन बनकर राज्य को लूटा,शिबू सोरेन को शिव सोरेन बना दिया। बसंत सोरेन भी बसंत कुमार सोरेन बना दिए गए और दुर्गा  सोरेन दुर्गा प्रसाद सोरेन बना दिए गए। आज जब ईडी की कारवाई हो रही तो झामुमो बौखलाहट में है। लेकिन किए की सजा आखिर उसे ही तो भुगतना पड़ेगा।