logo

झारखंड में संवैधानिक संकट की स्थिति है, सीएम हेमंत को लेकर बाबूलाल मरांडी ने और क्या कहा

a3114.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास पर ईडी के अधिकारी पहुंचे हैं लेकिन खबरे हैं कि मुख्यमंत्री नहीं मिले। इस बीच दिल्ली स्थित झारखंड भवन में भी कर्मियों से पूछताछ हो रही है। इस प्रकरण पर बाबूलाल मरांडी ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देकर बड़ा दावा किया है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि हेमंत सोरेन सचमुच लापता हैं तो झारखंड में संवैधानिक संकट की स्थिति है। राज्यपाल से निवेदन है कि मामले का संज्ञान लें और मुख्यमंत्री को तलब कर जानें की वह जांच एजेंसी से क्यों भागे? बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की साख और प्रतिष्ठा दांव पर है। उन्होंने अपनी हरकतों से आदिवासी समाज की प्रतिष्ठा को मिट्टी में मिला दिया। 

 

बाबूलाल मरांडी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाये
बाबूलाल मरांडी ने झारखंड पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि डीजीपी को जवाब देना चाहिए कि मुख्यमंत्री सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़कर रात को कैसे निकले? सीएम के सुरक्षा में लगे कर्मियों को बर्खास्त किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री की सुरक्षित हाजिरी सुनिश्चित कीजिए। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एक मुख्यमंत्री भगोड़ा कहलाने का पाप कैसे कर सकता है? 

ईडी अधिकारियों ने दिल्ली स्थित आवास पर छापा मारा
गौरतलब है कि आज तड़के ही ईडी के अधिकारियों ने दिल्ली स्थित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास में छापा मारा था। इसके बाद दिल्ली स्थित झारखंड भवन भी पहुंची। अधिकारियों के साथ दिल्ली पुलिस के पदाधिकारी और जवान भी हैं। इधर, ताजा प्रकऱण पर झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रांची के 30 से भी ज्यादा स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। उपायुक्त और एसएसपी खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। सीएम आवास में सत्ताधारी दल के नेताओं का जुटान हो रहा है।