logo

JPSC में कथित धांधली पर बोले बंधु तिर्की, पेपर लीक में यूपी, मध्य प्रदेश और राजस्थान के गिरोह का हाथ

a2911.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

11वीं जेपीएससी सिविल सेवा की पीटी परीक्षा में कथित पेपर लीक कांड पर झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने बड़ा बयान दिया है। बंधु तिर्की ने कहा कि आदिवासी-मूलवासी भोले-भाले लोग हैं। वे पेपर लीक का मतलब नहीं जानते है। उन्होंने जेपीएससी में कथित धांधली के सवाल पर कहा कि अभी तो इसकी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन जेएसएससी में पेपर लीक हुआ था। सरकार ने इसे खुद संज्ञान में लेकर पूरे मामले का पर्दाफाश किया। उन्होंने कहा कि जेपीएससी पीटी परीक्षा के तुरंत बाद जिस प्रकार बीजेपी के नेता बयानबाजी कर रहे हैं उससे राजनीतिक साजिश की बू आती है। वे बहाली प्रक्रिया रोकना चाहते हैं। 

बंधु तिर्की ने सीबीआई जांच पर सहमति जताई
बंधु तिर्की ने  कहा कि पेपर लीक के मामले गंभीर हैं और यदि जरूरत पड़ी तो मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए ताकि झारखंडी युवाओं को न्याय मिले। बंधु तिर्की ने कहा कि बिहार, यूपी, मध्य प्रदेश और राजस्थान का गैंग पेपर लीक कराता है। गिरोह की क्रोनोलॉजी है। पहले पेपर लीक कराते हैं। फिर परीक्षा स्थगित हो जाती है। इसके बाद गिरोह के लोग अपने लोगों को कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त कराते हैं। कुछ साल बाद यही लोग स्थायी नौकरी पा जाते हैं। इसमें आरक्षण रोस्टर तो छोड़िए, सामान्य प्रक्रिया का पालन नहीं किया जाता। 

11वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित धांधली का दावा
गौरतलब है कि झारखंड लोक सेवा आयोग ने 11वीं सिविल सेवा की प्रीलिम्स परीक्षा 17 मार्च को झारखंड के सभी जिलों में बने परीक्षा केंद्रों में आयोजित कराई। इसमें जामताड़ा, चतरा और धनबाद में पेपर लीक का आरोप लगाकर अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। एक वीडियो भी वायरल है जिसे जामताड़ा का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ अभ्यार्थी कथित तौर पर जेपीएससी का प्रश्न पत्र समूह में बैठकर हल करते दिखाई दिये। जामताड़ा की उपायुक्त, कुमुद सहाय ने एसआईटी जांच का आदेश दिया है।