द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के डुमरी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी उमेश कुमार स्वासी स्थानीय धार्मिक पर्यटन स्थल टांगीनाथ को पर्यटन के क्षेत्र में विशेष पहचान दिलाने के लिए सार्थक पहल की है। उन्होंने इस स्थल को लेकर एक वीडियो तैयार किया है, जिसे सार्वजनिक किया गया है ताकि लोगों को इस स्थल के महत्व और आस्था के बारे में जानकारी मिल सके। इस वीडियो के माध्यम से उमेश कुमार का उद्देश्य टांगीनाथ को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना है, ताकि आसपास के जिलों के लोग भी यहां की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्वता को जान सकें।
बता दें कि टांगीनाथ स्थल गुमला जिले के डुमरी प्रखंड में स्थित एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जो आस्था और विश्वास का केंद्र बना हुआ है। इस स्थल से जुड़ी ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, यहां भगवान परशुराम का त्रिशूल मौजूद है और साथ ही चंदन के वृक्ष में भगवान शिव के समाहित होने की भी मान्यता है। इसके अलावा, यहां सैकड़ों शिवलिंग प्राकृतिक रूप से उभरे हुए हैं, जो भक्तों के लिए आस्था का स्रोत बने हुए हैं। इस स्थल को पर्यटन के क्षेत्र में एक विशेष स्थान दिलाने के लिए राज्य सरकार भी लगातार प्रयासरत है। इस स्थल के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए, सरकार की ओर से टांगीनाथ को विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
