द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को एक बड़ा प्रोत्साहन मिला है। भुईयांडीह लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी (एनएच-33) तक फोर लेन सड़क और स्वर्णरेखा नदी पर फोर लेन पुल निर्माण की महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दे दी गई है।
कुल 39,91,72,857.53 की लागत से बनने वाली यह योजना वर्ष 2024-25 के 11 SBD के अंतर्गत स्वीकृत हुई है। परियोजना में 242 मीटर लंबे पुल का निर्माण किया जाएगा, जबकि पहुँच पथ की लंबाई 3.453 किलोमीटर तय की गई है। इस प्रकार संपूर्ण परियोजना की कुल लंबाई 3.695 किलोमीटर होगी। परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुगम होगी और आवागमन में लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। परियोजना की प्रगति की समीक्षा को लेकर मंगलवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने एग्रिको स्थित अपने आवासीय कार्यालय में जमशेदपुर पथ प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता सह कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय से विस्तृत विमर्श किया। उन्होंने कार्य में हो रही देरी पर नाराज़गी जताई और अधिकारियों को शीघ्र निर्माण प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
विधायक ने इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के सचिव से भी फ़ोन पर बातचीत कर परियोजना को गति देने का आग्रह किया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता दीपक सहाय ने आश्वस्त किया कि अगले 10 दिनों के भीतर, विधायक की मौजूदगी में परियोजना का विधिवत शुभारंभ कर दिया जाएगा। विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि सड़क और पुल निर्माण से भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होगा। उन्होंने कहा कि पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे सतत प्रयासरत हैं और प्रत्येक स्वीकृत योजना पर निगरानी रख रही हैं। ज्ञात हो कि इस योजना को विधायक ने बीते विधानसभा सत्र में मजबूती से उठाया था और तब से ही वे पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क में थीं।
.jpeg)