logo

झामुमो के साथ मिलकर झारखंड को लूटती है कांग्रेस, हेमंत सरकार के 4 साल बदहाल- बीजेपी

a604.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रेस वार्ता कर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और विधि-व्यवस्था के मोर्चे पर घेरते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झारखंड में सामाजिक-आर्थिक विभेद के लिए जिम्मेदार ठहराया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी पिछले 3 दशक से जब भी मौका मिलता है, झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थन से झारखंड में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती है। बीजेपी ने इसके लिए झामुमो रिश्वत कांड, मधुकोड़ा शासन और मौजूदा इंडी गठबंधन की सरकार का उदाहरण दिया है। इस दौरान बीजेपी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अर्बन नक्सली मानसिकता का बता दिया। बीजेपी ने आरोप लगाया कि झारखंड की तरह है तमाम गैर बीजेपी शासित राज्यों में भ्रष्टाचार का यही पैटर्न है। 

करप्शन में हेमंत सोरेन के करीबी हैं शामिल!
झारखंड में अवैध खनन और जमीन घोटाला पर हेमंत सोरेन सरकार को आड़े हाथों लेते हुए बीजेपी ने कहा कि इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी अधिकार और निजी स्टाफ सीधे तौर पर शामिल हैं। बीजेपी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू और उनके विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा सीधे तौर पर खनन घोटाले में शामिल थे। उनकी करीबी रहीं आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को भी इस केस में गिरफ्तार किया गया है। बीजेपी ने कहा कि रांची में आर्मी जमीन सहित शहर के 4.55 एकड़ जमीन की फर्जी दस्तावेजों के सहारे खरीद बिक्री की गई और इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का करीबी कहे जाने वाले आईएएस अधिकारी छवि रंजन की गिरफ्तारी हुई है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि जमीन घोटाला केस में 7 समन जारी किए जाने के बाद भी ईडी के सामने हाजिर नहीं होकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हठधर्मिता कर रहे हैं। 

विधि-व्यवस्था के मोर्चे पर फेल रही हेमंत सरकार!
विधि-व्यवस्था के मोर्चे पर हेमंत सोरेन सरकार को घेरते हुए बीजेपी ने कहा प्रभात खबर में छपी एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि केवल राजधानी रांची में ही बीते 1 साल में 2,511 घरों और दुकान में चोरी की वारदात हुई है। बलात्कार के 187 मामले दर्ज किए गये हैं। 199 लोगों को अगवा कर लिया। झारखंड में सत्तारुढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए बीजेपी ने कहा कि अपराधी जेल से रंगदारी मांगते हैं। प्रभात खबर के संपादक को शराब घोटाला केस में गिरफ्तार योगेंद्र तिवारी द्वारा होटवार जेल से धमकी का मामला इसकी बानगी है। बीजेपी ने रांची के तुपुदाना ओपी में दारोगा संध्या टोपनो को गौतस्करों द्वारा कुचलकर मार दिए जाने की घटना का जिक्र किया और कहा कि क्राइम रेट ज्यादा है। 

4 साल में केवल 357 युवाओं को ही मिल पाया रोजगार
बीजेपी ने कहा कि हेमंत सोरेन ने प्रतिवर्ष 5 लाख नौकरी का वादा किया था लेकिन विधानसभा में उनके ही मंत्री ने बताया कि 357 सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। सरकार ने वादा किया था कि हर साल जेपीएससी की 3 परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा लेकिन 4 साल में केवल 1 परीक्षा हुई है। वहां युवा रोज आंदोलन करते हैं। कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था भी बदहाल है। एसएनएमसीएच (धनबाद) में शवों को कुतरने की घटना हुई। देवघर सदर अस्पताल में 50 नए वेंटीलेटर का इस्तेमाल नहीं होता और मरीजों को निजी अस्पताल भेजा जाता है। रिम्स (रांची) में गंभीर रूप से बीमार मरीजों को फर्श पर लिटाकर इलाज होता है। 

मुख्यमंत्री ने बैंकिंग पर गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जमीन पर पैसा गाड़ने वाले बयान की निंदा करते हुए बीजेपी ने कहा कि एक निर्वाचित मुख्यमंत्री इतना गैर-जिम्मेदाराना बयान कैसे दे सकता है। झारखंड की 4 करोड़ की आबादी में से 1.7 करोड़ लोगों का जनधन खाता खोला गया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उन्हें बैंकिंग सेवा से बाहर करना चाहते हैं। कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार ने झारखंड में जमशेदपुर-रांची हाइवे को क्लियर कराया। 2 घंटे में ही दूरी तय होती है। देवघर में नया एयरपोर्ट बना। प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा की विरासत को वैश्विक पहचान दी। बीजेपी ने कहा कि झारखंड में जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने वाले ही उसके भक्षक बन गये।