द फॉलोअप डेस्क
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक के एक एक्स पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है। खासकर झारखंड की राजनीति में उनके ट्वीट को लेकर कई तरह की चर्चा शुरू हो गयी है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल से एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "अब नया बम झारखंड में, हेमंत अब जीवंत होंगे।" इसके बाद से उनके इस ट्वीट के अलग अलग मायने निकाले जाने लगे हैं। उनके इस ट्वीट का असल में क्या संदेश है, यह तो उन्हें ही पता है। लेकिन उनके इस ट्वीट के जवाब में झामुमो के केंद्रीय महासचिव आयर प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने जवाब भी दे दिया. उन्होंने जवाब में लिखा, " हेमंत जीवंत है, भाजपा का अंत है!" सुप्रियो के इस बयान से जो एक चर्चा हो रही थी कि हेमंत सोरेन झारखंड में महागठबंधन का साथ छोड़ भाजपा के साथ मिलकर अपनी सरकार चला सकते हैं इस चर्चा पर अब विराम लग गया है. इसके अलावा दूसरी चर्चा फिर से झारखंड में ईडी के सक्रिय होने के बारे में है। गौरतलब है कि ईडी पूर्व में हेमंत सोरेन सहित कई अन्य अधिकारियों पर हाथ डाल चुका है।
इसके अलावा एक और चर्चा यह भी है कि क्या झारखंड में माइनस कांग्रेस और राजद सरकार का नेतृत्व कर सकते हैं हेमंत सोरेन। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न हुए। झारखंड मुक्ति मोर्चा बिहार में चुनाव लड़ने को इच्छुक थी और पार्टी के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और महासचिव विनोद पांडेय ने बिहार में जाकर लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। लेकिन बिहार चुनाव में झामुमो को एक भी सीट नहीं दी गयी। पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने एक प्रेस वार्ता में झामुमो के छह सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया था। लेकिन सीट शेयरिंग को लेकर टालमटोल के कारण पार्टी अपने उम्मीदवारों को नहीं उतार पाई। चुनाव के आखिरी दिन भी झामुमो को लटकाया गया। इसके बाद मंत्री सुदिव्य सोनू ने यहां तक कह दिया कि बिहार में महागठबंधन ने झामुमो के साथ राजनीतिक धूर्तता की है, और इसका पार्टी बदला लेगी। सुप्रियो भट्टाचार्य ने भी कहा था कि चुनाव के बाद झारखंड में झामुमो महागठबंधन की समीक्षा करेगी। आज भी विनोद पांडेय ने समीक्षा करने की बात फिर से दुहरा दी है।
ऐसे में बिहार चुनाव में महागठबंधन को मिली करारी हार के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं आरजेडी कोटे से झारखंड में मंत्री संजय प्रसाद यादव को हेमंत कैबिनेट से हटा तो नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा और भी कई तरह की चर्चाएँ हैं। इसमें आज भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक के ट्वीट ने और इज़ाफ़ा किया है। अब अजय आलोक किस संदर्भ में यह कह रहे हैं कि "अब नया बम झारखंड में, हेमंत अब जीवंत होंगे", यह तो वही साफ कर सकते हैं, लेकिन उनके इस ट्वीट ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार जरूर गर्म कर दिया है।
