logo

झारखंड में भ्रष्टाचारियों की तिकड़ी, वे जनता को देने नहीं उनसे लेने आये हैं; रांची में बोले गौरव भाटिया

a1619.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने रांची में कहा कि प्रधानमंत्री ने झारखंड और झारखंड की जनता को हमेशा दिल में रखा। भगवान बिरसा मुंडा को आदर्श माना। जनजातीय समाज के लिए चिंतित रहें। उसे सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए। जनता ने मन बना लिया है कि नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएंगे और वह जनता की सेवा के अपने कार्य को आगे बढ़ाएंगे। गौरव भाटिया ने कहा कि 4 चरण के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हम पिछले 10 साल के विकास कार्य के आधार पर वोट मांग रहे हैं। गौरव भाटिया ने दावा किया कि बीजेपी को 370 से ज्यादा सीटें मिलेगी। एनडीए 400 पार जायेगा। 

झारखंड में भ्रष्टाचारियों की तिकड़ी है
गौरव भाटिया ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचारियों की तिकड़ी है। कांग्रेस, झामुमो और राजद एक साथ है। भ्रष्टाचारियों की तिकड़ी क्राइम मास्टर गोगो है। ये जनता को देने नहीं लेने आए हैं। बिना जनता से लिए नहीं जाएंगे। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस से सबक लिया। यही कारण है कि 10 समन देने के बाद भी ईडी के पास नहीं गए। उन्होंने कहा कि यदि करप्शन नहीं किया तो जाकर जवाब देना चाहिए था। यह जनता की कमाई है। उसे लूट कर परिवार को आगे बढ़ाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। इनकी नीतियां झारखंड की जनता की विरोधी है।

झारखंड में घुसपैठियों पर लगाम नहीं
उन्होंने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है। घुसपैठियों पर लगाम नहीं है। विधि व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। राज्य सरकार ने जनजातीय समाज के लोगों की जमीन ली। इसका आवंटन जनजातीय युवाओं को करना चाहिए, ताकि वे उद्योग लगाए और आगे बढ़े। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनजातीय समाज का हक छीनकर वह जमीन परिवार के सदस्य को आवंटित कर दिया।

आलमगीर मामले में कांग्रेस में शर्म नहीं
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के मामले में रत्ती भर भी शर्म कांग्रेस में नहीं बची। राहुल गांधी ने इस पर एक शब्द नहीं कहा। इस्तीफा नहीं मांगा। पूरे विश्व में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचारी परिवार लालू, सोरेन और गांधी है। लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। लोकतंत्र इनसे खतरा है। आलमगीर आलम के पीए के नौकर के घर से नोटों का पहाड़ मिलता है। इस पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा, मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन कुछ नहीं बोलते। इनका एकमात्र मकसद है परिवार का भला करो, परिवार को आगे बढ़ाओ। जनता से मतलब नहीं है।

जेल से बाहर नहीं आयेंगे हेमंत और आलमगीर
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि आलमगीर आलम और हेमंत सोरेन जल्द जेल से बाहर नहीं निकाल पाएंगे। उनसे जनता का एक-एक पैसा वसूला जाएगा। इस चुनाव में भ्रष्टाचार बहुत बड़ा मुद्दा है। अरविंद केजरीवाल बेशर्म नंबर वन है। उन्हें नियमित नहीं, अंतरिम जमानत मिली है। पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री मोदी के ऊपर एक उंगली में नहीं उठी। कोई दाग तक नहीं लगा। झारखंड की सभी 14 सीट पर एनडीए के प्रत्याशी विजयी होंगे। इस बार बीजेपी और एनडीए को देश भर में 400 से अधिक सीटें मिलेगी।

पीएम मोदी ही बचा सकते हैं देश की संस्कृति
गौरव भाटिया ने कहा कि भारत की संस्कृति को प्रधानमंत्री मोदी ही बचाए रख सकते हैं। बीजेपी ने जनजातीय समाज की महिला को राष्ट्रपति बनाया। मोदी मंत्रिमंडल में 8 मंत्री जनजातीय समाज से हैं। 12 मंत्री दलित समाज से हैं। 28 मंत्री ओबीसी और 11 महिला मंत्री है। जनजातीय समाज को शिक्षित करने के लिए पूरे देश भर में एकलव्य मॉडल के स्कूल खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की पराकाष्ठा है। संविधान खतरे में नहीं है। घमंडियां खतरे में है। भ्रष्टाचारी खतरे में हैं। भ्रष्टाचार करने वाले किसी को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचार करेंगे तो सलाखों के पीछे ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था होगी। 

उन्होंने कहा कि 53 साल के अपरिपक्व नेता राहुल गांधी कहते हैं कि बहुसंख्यक के लिए देश में जगह नहीं है। हलाला, बहुविवाह को ठीक मानते हैं। ट्रिपल तलाक को वापस लाने की बात करते हैं। गौरव भाटिया ने कहा कि ईपीएफओ के आंकड़े बताते हैं की प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में 18 करोड लोगों को नई नौकरी मिली। मुद्रा योजना में 45 करोड़ लोगों ने लोन लेकर अपना व्यवसाय शुरू किया। 1 साल में 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में राजस्थान में सबसे अधिक 30% बेरोजगारी दर थी। यही बीजेपी शासित यूपी में यह 2 पर्सेंट थी।

उन्होंने कहा कि यूपीए के 10 साल के कार्यकाल में महंगाई दर डबल डिजिट से नीचे कभी नहीं आई। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में यह कभी डबल डिजिट तक नहीं गई। कोरोना कल में भी महंगाई दर पर लगाम रहा। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण देने की इजाजत संविधान नहीं देता है। भाजपा संविधान का पालन पूरी तरह करने के लिए संकल्पित है।

Tags - Jharkhand NewsGaurav BhatiyaBJPLok Sabha Chunav 2024