logo

झारखंड के सभी जिलों में हेमंत सरकार के खिलाफ 21 दिसंबर को आक्रोश प्रदर्शन करेगी BJP

BABULAL16.jpg

रांची 

हेमंत सरकार के खिलाफ 21 दिसंबर को बीजेपी सभी जिलों में आक्रोश प्रदर्शन करेगी। इसकी सूचना बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने दी। कहा कि प्रदेश BJP ने राज्य में व्याप्त सत्ता संपोषित भ्रष्टाचार, ध्वस्त विधि व्यवस्था और संवैधानिक संकट के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसकी तैयारी शुरू कर दी गयी है। कार्यकर्ताओं को गोलबंद किया जा रहा है। गौरतलब है कि आज बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में BJP विधायक दल के 22 विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने  राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की है। राज्यपाल से नेताओं ने कहा कि राज्य में संवैधानिक संकट के हालात हैं। 


नेता प्रतिपक्ष ने ये कहा 

प्रदेश महामंत्री एवम मुख्यालय प्रभारी डॉ प्रदीप वर्मा ने बताया कि सभी जिलों में हजारों की संख्या में आम जनता एवम BJP कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे। इधर, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि राज्य में हजारों युवा बेरोजगार, पारा शिक्षक, अनुबंध कर्मी, संविदा कर्मी सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। BJP ने युवाओं, बेरोजगारों की भावनाओं को समझते हुए उनके सवालों को सदन में गंभीरता से उठाने का निश्चय किया था। पार्टी के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण, सचेतक जेपी पटेल, विधायक भानुप्रताप शाही ने कार्य स्थगन प्रस्ताव लाया था। लेकिन उनको निलंबित कर दिया गया।

युवा शक्ति को कुचलना चाहती है सरकार   

बाउरी ने कहा कि यह युवा विरोधी सरकार है। राज्य सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू हो गयी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के द्वारा विधायक बिरंची नारायण, जेपी पटेल, भानु प्रताप शाही का निलंबन लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में हेमंत सरकार राज्य की युवाशक्ति को कुचलना और अपमानित करना चाहती है।