logo

विधायक पुत्र संग कथित मारपीट मामले में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष समेत 9 नामजद

विधायक पुत्र संग कथित मारपीट मामले में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष समेत 9 नामजद

द फॉलोअप डेस्क, राची:
 

चतरा से लोजपा (रामविलास) के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के साथ कथित मारपीट के मामले में 9 लोगों पर नामजद केस हुआ है। विधायक पुत्र सौरभ कुमार की शिकायत पर विधानसभा थाने में यूनिवर्सिटी के छात्र लक्की राज समेत कुल 9 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। विधानसभा थाने में लक्की राज के अलावा आयुष मिश्रा, प्रकाश कुमार, रौनक सिंह, प्रीतम सिंह, राहुल बनिया, बाबू साहेब आयुष, शौर्य राज और रोहित सिंह उर्फ तोता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में कुछ अज्ञात लोगों का भी जिक्र है। बताया जा रहा है कि नामजद आरोपियों में भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष रौनक सिंह भी हैं। इस लिहाज से प्राथमिकी की चर्चा है।

दरअसल, केंद्र और झारखंड में लोजपा (रामविलास) और भारतीय जनता पार्टी एनडीए गठबंधन का हिस्सा हैं। गौरतलब है कि एमिटी यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के बाहर विधायक जनार्दन पासवान के  बेटे सौरभ के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी। विधायक ने पुलिस को कथित अपहरण की सूचना दी थी। 

7 सितंबर को देर शाम की है घटना
मामला दरअसल, 7 सितंबर की देर शाम का है। अचानक खबर आई कि विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार का एमिटी यूनिवर्सिटी गेट के सामने से स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने अपहरण कर लिया है। मामला हाईप्रोफाइल था तो पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। 1 घंटे के भीतर पुलिस ने सौरभ कुमार और कथित अपह्रतकर्ताओं को पकड़ा। सबको विधानसभा थाने लाया गया। यहां पुलिस ने बताया कि अपहरण जैसी कोई वारदात नहीं हुई, बल्कि यह आपसी रंजिश में मारपीट का मामला है। पुलिस ने यह भी बताया कि घटना के वक्त सौरभ कुमार नशे की हालत में थे। 

भाजपा और झामुमो में आरोप-प्रत्यारोप
इस वाकये को लेकर सियासत भी शुरू हो गई थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत कई अन्य लोगों ने विधि-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़ा किया। झामुमो ने भी पलटवार किया और भाजपा पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब विधायक पुत्र की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है जिसमें 9 लोग नामजद आरोपी बनाए गए हैं। 

Tags - Jharkhand NewsMLA Janardan PaswanSaurabh KumarFIR