द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले में भारतीय जनता पार्टी ने हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी के तहत जन जागरण अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हिस्सा लिया और लोगों से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग की अपील की। बाबूलाल मरांडी ने जिले के मेरले गांव में एक सभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने जनता को स्वदेशी वस्तुओं के महत्व के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने लोहरदगा शहर के अपर बाजार क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया और लोगों व दुकानदारों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी को आगे बढ़ाना भाजपा का लक्ष्य है। स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने से स्थानीय उद्योग बढ़ेंगे, अधिक से अधिक फैक्ट्रियाँ खुलेंगी और युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि विदेशी वस्तुओं के उपयोग से देश का पैसा बाहर जाता है, जबकि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने से पैसा देश में ही रहेगा और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने जनता से अधिक से अधिक स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वदेशी अपनाकर ही देश को मजबूत बनाया जा सकता है।
