logo

जमशेदपुर में ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय से छिनतई, विरोध करने पर चापड़ से हमला

hjkmui.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के मानगो स्थित परमानंद नगर निवासी विशाल गोप, जो ब्लिंकट में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत हैं, पर शुक्रवार रात छिनतई के दौरान जानलेवा हमला किया गया। घटना हयात नगर मार्ग पर उस समय हुई, जब वे ऑर्डर की डिलीवरी पूरी कर वापस ब्लिंकट स्टोर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रास्ते में चार युवकों ने विशाल की मोटरसाइकिल रोककर उनका मोबाइल फोन और नकदी छीनने की कोशिश की। जब विशाल ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों में शामिल मोहम्मद इस्लाम ने चापड़ से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से जान बचाने के लिए विशाल अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भागने में सफल रहे। इसके बाद आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर विशाल के परिजनों और उनके साथियों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह तथा उलीडीह थाना को जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां से क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल बरामद की गई और एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर थाना लाया गया। हालांकि, तीन अन्य आरोपी पुलिस को देखते ही फरार हो गये।
थाने पहुंचे विशाल गोप ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह डिलीवरी के बाद स्टोर लौट रहे थे, तभी चारों अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर उन पर जानलेवा हमला किया गया। पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह ने बताया कि इस घटना के बाद विशाल का पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates latest Jamshedpur News Jamshedpur News Updates Jharkhand News in hindi latest Jharkhand News latest jharkhand news jharkhand News in hindi latest Jamshedpur news