द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड क्षेत्र के दलिया स्थित विवादित पत्थर माइंस में मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में एक को गोली लगी है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह पत्थर खदान कई वर्षों से बंद था, लेकिन हाल ही में बिहार के नवादा जिले से आए एक संचालक ने अपने लोगों के साथ मिलकर खदान का संचालन शुरू कर दिया था। जब स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो संचालक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान गोलीबारी भी हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।.jpeg)
बताया जाता है कि खदान को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। मंगलवार सुबह विवाद फिर भड़क उठा और देखते ही देखते स्थिति हिंसक झड़प में बदल गई।.jpg)
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गोली चलाने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने बताया की सभी गाँव से फरार है.