logo

चाईबासा में मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन खत्म, 5 नक्सली ढेर; हथियारों का जखीरा बरामद

a1126.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, चाईबासा:

झारखंड के अति नक्सल प्रभावित चाईबासा में पुलिस और नक्सलियों के बीच देर शाम मुठभेड़ खत्म हो गई। अभियान की समाप्ति के बाद चले सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबल के जवानों ने 2 महिला नक्सली सहित कुल 5 नक्सलियों का शव बरामद किया। एरिया कमांडर टाईगर सहित 2 नक्सली गिरफ्तार किए गये हैं। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा भी बरामद किया गया है। चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, झारखंड पुलिस के कोबरा बटालियन और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। इसे झारखंड में नक्सलरोधी अभियान में पुलिस की बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मारे गये नक्सलियों में एक छत्तीसगढ़ के सुकमा का भी रहने वाला था।

बाकी नक्सली झारखंड के ही सिंहभूम जिले के रहने वाले हैं। पुलिस गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ में जुटी है। गौरतलब है कि झारखंड में बीते काफी समय से ऑपरेशन ऑक्टोपस संचालित है।

 

ये हैं मुठभेड़ में मारे गये पांच नक्सली
मारे गये नक्सलियों की पहचान जोनल कमांडजर कांडे होनहागा उर्फ गोविंद नागदुवार उर्फ दिरीसुम, सबजोनल कमेटी सदस्य सिंगराय उर्फ मनोज कुंजाम, दस्ता सदस्य जोगा, दस्ता सदस्य सूर्या उर्फ मनता देवगम, दस्ता सदस्य सपनी हांसदा के रूप में की गई है। मुठभेड़ के दौरान जवानों ने एरिया कमांडर टाईगर उर्फ पांडु हांसदा और दस्ता सदस्य बतारी बानरा को गिरफ्तार किया है। 

चाईबासा में यहां हुई थी मुठभेड़
पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक उन्हें सूचना मिली थी कि भाकपा (माओवादी) संगठन के शीर्ष नेता मिहिर बेसरा, अनमोल, गोछु, चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने-अपने दस्ते के साथ कोल्हान के जंगलों में घूम रहे हैं। पुख्ता जानकारी के आधार पर चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 BN, 203 BN. 205 BN, झारखंड जगुआर एवं सी०आर०पी०एफ० 60 BN, 197 BN, 157 BN, 174 BN, 193 BN. 134 BN. 26 BN, 190 BN, 11 BN की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल लगातार सर्च ऑपेशन चला रहा था। पुलिस ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान ही सोमवार सुबह तकरीबन साढ़े 5 बजे चाईबासा के गुवा थानाक्षेत्र अंतर्गत लिपुंगा और कुलासाई के जंगली इलाकों में नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग झोंक दी।

जवानों ने भी मोर्चा संभालकर जवाबी फायरिंग की। फायरिंग थमी तो सर्च ऑपरेशन में 4 माओवादियों का शव बरामद किया गया। बाद में एक अन्य महिला नक्सली का शव भी मिला।

मुठभेड़स्थल से हथियारों का जखीरा मिला
पुलिस ने घटनास्थल से 2 एसएलआर राइफल, 1 इंसास राइफल, 303 राइफल, 2 बोल्ट एक्शन राइफल, 9 एमएम की 1 पिस्टल, 13 पीस डेटोनेटर और 7 पीस डेटोनेटर बरामद किया है। इसके अलावा 15-18 लोगों के ठहरने के लिए तंबू वगैरह भी बरामद किया है। नक्सलियों के पास से जीवनरक्षक दवाइयों सहित अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है। 

Tags - Naxali EncounterNaxal AttackChaibasa Naxali EncounterJharkhand News