द फॉलोअप डेस्कः
बोकारो के एक युवक का शव जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कीनूडीह गांव के पास स्थित जाहेरथान के पीछे पेड़ से झूलता हुआ पाया गया है। जहां युवक का शव मिला है, वह स्थान कीनूडीह गांव से बिल्कुल सटा हुआ है। इससे गांव के लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। इधर, ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना परसुडीह थाना की पुलिस को दी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान अनिल मुर्मू के रूप में हुईं है। वह मूल रूप से बोकारो जिले के ललपनिया का रहने वाला है। वह दो माह पूर्व काम के सिलसिले में अपनी बहन के घर रहने आया था। जिसके बाद से वह दिहाड़ी मजदूर का काम कर रहा था। अनिल ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या करके शव को पेड़ से लटका दिया गया है। यह जांच का विषय है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
दूसरी ओर मृतक के परिजनों ने बताया कि अनिल शुक्रवार की शाम घर से निकला था। जिसके बाद से वह घर नहीं लौट था। इसके बाद शनिवार की सुबह उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों के अनुसार, अनिल का किसी से कोई विवाद नहीं था। वह काम खत्म होने के बाद सीधा घर लौट आता था। यह पहली दफा था, जब वह बिना बताये घर से गायब था। इसके बाद आज इसका शव पेड़ से झूलता पाया गया।