logo

चतरा में सरकारी वेटनरी डॉक्टर का शव बरामद, हत्या की आशंका

नाूा.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चतरा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुड़ाग गांव के पास एक सरकारी वेटनरी डॉक्टर का संदिग्ध अवस्था में शव मिला है। मृतक की पहचान गंधरिया गांव के बहराकोचा निवासी 58 वर्षीय योगेंद्र यादव के रूप में हुई है। शनिवार सुबह महुआ चुनने जंगल गए ग्रामीणों ने शव देखा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। परिजनों के अनुसार योगेंद्र यादव शुक्रवार शाम करीब 5 बजे अपने घर से ऊंटा मोड़ जाने की बात कहकर निकले थे। जब वे रात 8 बजे तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। 


पूरी रात परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह देवरिया के मुखिया कृष्णा दुबे ने फोन कर जंगल में शव मिलने की सूचना दी। योगेंद्र यादव क्षेत्र के एक सम्मानित व्यक्ति माने जाते थे। उनकी संदिग्ध मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। 


घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ संदीप सुमन और सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव के पास से मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है। उसकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।