बोकारो
बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर वन स्थित राम मंदिर के पास रविवार देर रात जयराम प्रसाद पर फायरिंग कर दी गई। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। हमलावरों ने जयराम प्रसाद को गोली मारने के साथ-साथ चाकू से भी हमला किया। वारदात के बाद घायल अवस्था में उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

चाय दुकान में बैठे थे जयराम, अचानक हुआ हमला
घायल जयराम प्रसाद ने बताया कि वह एक चाय दुकान में बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान बुलेट और बाइक सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद जब वह जान बचाकर भागने लगे, तब हमलावरों ने उन पर चाकू से भी वार किया। जयराम ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है और बूट्टू सिंह, रुपेश समेत दो-तीन लोगों के नाम लिए हैं।

जयराम पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
बताया जा रहा है कि जयराम प्रसाद अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ हत्या समेत कई अन्य मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। इलाके में घटना को लेकर दहशत का माहौल है। मामले को लेकर आलोक रंजन ने बताया कि सेक्टर वन स्थित राम मंदिर के समीप बाइक सवार लोगों ने जयराम प्रसाद पर फायरिंग की, जिसमें उनके पैर में गोली लगी है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद के कारण घटना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।