द फॉलोअप डेस्क
बोकारो पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को भारी मात्रा में गांजा और ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सरगना भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने तस्करों के पास से गांजा, ब्राउन शुगर, बिक्री का कैश, कार और मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री जब्त की है।.jpeg)
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई दिनांक 04 अक्तूबर की सुबह बोकारो पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सिजुआ तालाब के पास दो युवक मोटरसाइकिल खड़ी कर गांजा और ब्राउन शुगर की पुड़िया बनाकर बेच रहे हैं।.jpg)
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया और इस छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिजुआ तालाब के पास से दो युवकों मो फैज अकरम उर्फ बॉबी और मो मतलुब आलम को घेराबंदी कर मोटरसाईकिल के साथ पकड़ा। इनकी तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल के हैंडल में टंगे एक प्लास्टिक के झोले से 1.540 किलोग्राम गांजा, 10 पुड़िया ब्राउन शुगर और नगद 850 रुपये बरामद हुए हैं।
पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार तस्करों ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए बताया कि वे बारी-कॉपरेटिव, मखदुमपुर, सिवनडीह समेत कई जगहों पर घूम-घूम कर गांजा बेचते हैं। उन्होंने बताया कि वे बारी कॉपरेटिव कॉलोनी के रहने वाले अनिरुद्ध साह उर्फ हित से गांजा खरीदते थे।
उनकी निशानदेही पर छापामारी दल ने तुरंत अनिरुद्ध साह उर्फ हित के बारी कॉपरेटिव स्थित आवास पर छापा मारा। और उन्होंने यहाँ से 10.400 किलोग्राम गांजा, एक हुंडई वेन्यू कार (नं०-JH09BA-0801), नगद 79,390 रुपये और गांजा की खरीद-बिक्री में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री बरामद की। इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है और इनसे जुड़े लोगों की भी खोजबीन की जा रही है।