logo

स्वदेशी से ही आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव- भाजपा प्रदेश कार्यशाला में बाबूलाल मरांडी

bjp00000000000000.jpg

रांची
आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, चंपई सोरेन समेत कई सांसद, विधायक और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारत स्वदेशी आंदोलन के बल पर ही आत्मनिर्भरता के संकल्प को सिद्ध करेगा।
उन्होंने कहा कि “स्वदेशी भाव भारत की आत्मा है। इसी भावना के क्षीण होने से देश ने वर्षों की गुलामी झेली।”
मरांडी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में स्वदेशी भाव ने ही जन-जन को जोड़ा — चाहे नमक आंदोलन हो, सत्याग्रह या भारत छोड़ो आंदोलन। चरखा और खादी उसी स्वदेशी अभियान के प्रतीक थे।


उन्होंने बताया कि प्राचीन भारत की आर्थिक स्थिति विश्व में अग्रणी थी — मौर्य काल में भारत की विश्व जीडीपी में 33% हिस्सेदारी थी, जो औपनिवेशिक शासन के दौरान घटकर 4% रह गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने आजादी के बाद भी आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, जबकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से स्वावलंबी बन रहा है।”
“भारत तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है” — आदित्य साहू
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि आज भारत में बिकने वाले 99.2% मोबाइल मेड इन इंडिया हैं। खिलौना निर्यात 239% बढ़ा है, फार्मा सेक्टर में भारत अमेरिका को 40% और ब्रिटेन को 25% दवाएं निर्यात कर रहा है। टेक्सटाइल में भारत छठा बड़ा निर्यातक और ट्रैक्टर निर्माण में पहला देश बन चुका है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान चौतरफा प्रयासों से ही साकार होगा।


“मोदी सरकार ने आपदा को अवसर में बदला” — संजय सेठ
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि मोदी सरकार ने संकट के दौर में भी आत्मनिर्भरता का रास्ता चुना। उन्होंने बताया कि सितंबर माह में 1.81 लाख करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह हुआ, जो आर्थिक सशक्तता का संकेत है। भारत में आज 1.92 लाख स्टार्टअप, 6 करोड़ से अधिक एमएसएमई और आत्मनिर्भर नौसेना देश की शक्ति का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी जैसे नेतृत्व के कारण ही भारत आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।”
विधानसभा सम्मेलन से बढ़ेगा जनसंपर्क
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि 10 से 15 अक्टूबर के बीच सभी विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित होंगे, जो स्वदेशी आंदोलन को नई ऊर्जा देंगे। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम ने कहा कि जीएसटी सुधार और स्वदेशी अभियान एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की आर्थिक नीतियों से जनता की क्रयशक्ति बढ़ी है, जिससे स्वदेशी उत्पादों की मांग में वृद्धि होगी।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News