द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की राजधानी रांची में जुआ अड्डा पर हुए विवाद में फायरिंग हुई। इस गोलीबारी में एक युवक घायल हो गया है। घटना मंगलवार देर रात एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के लोधमा की है, जिसमें घायल युवक को रिम्स में भर्ती कराया गया। वहीं, फायरिंग करने वाले को लोगों ने जमकर पीटा, इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। गंभीर रूप से जख्मी आरोपी को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानिए पूरा मामला
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के लोधमा बस्ती में कई दिनों से बड़े पैमाने पर जुए का खेल चल रहा था। यहां रात करीब ढाई बजे खरसीदाग क्षेत्र के कुटियातु के एक युवक और लोधमा बस्ती के युवक में जुए को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि शशि नामक युवक ने रविंद्र कुमार महतो के पेट में गोली मार दी। इसके बाद घायल रविंद्र को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी पुलिस को बुधवार सुबह मिली। इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना में आरोपी युवक पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। वह कुछ दिनों पहले ही जेल से निकला है। इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा और बाइक बरामद किया है।