logo

बेकाबू होकर खेत में गिरी बस, 13 जख्मी; मदद के बहाने लोगों ने लूटा

bus6.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

पश्चिम सिंहभूम जिले में जोड़ा से टाटा की ओर आ रही प्रिंस नाम की यात्री बस खेत में पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। इसमें 13 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में एडमिट किया गया है। मिली सूचना के मुताबकि प्रिंस बस में हादसे के समय 70 से 75 लोग टाटा की ओर जा रहे थे। खबर ये भी है कि बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आसपास के लोगों ने घायल यात्रियों की मदद के बहाने उनके सामान लूट लिये। घायल लोगों के नाम लखन हेंब्रम, सीमा, देव शंकर, बुधराम हेंब्रम, श्यामलाल मुंडई, कृति श्री मंडल, अभिनव मंडल, सुनीता मंडल अनुरोध हैं। 

बस चालक को लिया पुलिस ने हिरासत में 
बस चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बस चालक ने सफाई दी है कि दूसरी ओऱ आ रहे एक तेज वाहन को बचाने के प्रयास में उसने बस पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस कीचड़ से फिसलते हुए खेत में जाकर पलटी हो गयी। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार सदर अस्पताल में कराया गया है। ज्यादा गंभीर छह यात्रियों को सदर अस्पताल ने बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया है। वहीं सात घायल यात्रियों को प्राथमिक जांच के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। आसपास के लोगों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी, जब वो कीचड़ में अनियंत्रित हो कर खेत में जाकर पलट गयी। 

स्थानीय लोगों ने यात्रियों को लूटा 
दूसरी ओर कुछ घायल यात्रियों का कहना है कि बस के पटलने के बाद स्थानीय लोगों ने उनकी मदद की। लेकिन इस बहाने कुछ स्थानीय यात्रियों के सामान लेकर चंपत हो गये। किसी का बैग नहीं मिल रहा है तो किसी का सूटकेस गायब हो गया है। बता दें कि दुर्गा पूजा के समय कई लोग खरीदारी करके लौट रहे थे तो कुछ लोग अपने परिजनों के यहां जा रहे थे। .