logo

CBSE ने रांची सहित झारखंड के इन 10 स्कूलों की मान्यता खत्म कर दी, जानें क्यों?

CBSE_Building.jpg

द फॉलोअप डेस्क
CBSE ने रांची (Ranchi) सहित झारखंड (Jharkhand) के 10 स्कूलों की मान्यता रद्द कर दी है। इसमें सबसे अधिक 5 स्कूल बोकारो के हैं। इसके अलावा धनबाद के दो, रांची,हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम के एक-एक स्कूल शामिल हैं। यह कार्रवाई स्कूलों पर CBSE के मानदंडों का पालन नहीं करने के लिए किया गया है। जिन स्कूलों की मान्यता रद्द की गई है, उसकी सूची सीबीएसई की ऑफिशियल वेबसाइट (CBSE Official Website) पर अपलोड कर दी गई है। साथ ही बोर्ड ने इन स्कूलों को नोटिस भेजकर भी इन्हें बंद करने का आदेश दिया है। 


फीस के अनुसार सुविधा नहीं दी जा रही- बोर्ड
CBSE द्वारा कहा है कि हमारे ओर से जारी मानदंडों का पालन नहीं करने वाली स्कूलों पर यह कार्रवाई की गई है। हमें जानकारी मिली थी कि स्कूल बच्चों से ज्यादा फीस ले रहे थे और उसके अनुसार उन्हें न तो आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई जा रही थी और न अकादमिक सुविधा। गौरतलब है कि सीबीएसई एफिलिएशन बाईलॉज (CBSE Affiliation Bylaws) के तहत इन्फ्रास्ट्रक्चर से लेकर लैब, लाइब्रेरी, क्लास की साइज, पढ़ाई की क्वालिटी, एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज की व्यवस्था समेत अन्य चीजों को लेकर नियम निर्धारित हैं। जिन स्कूल ने इन शर्तों को पूरा नहीं किया हैं, उनकी मान्यता रद्द कर दी जाती है। इसी कारण पटना रीजन के तहत 36 स्कूलों की मान्यता खत्म की गई है। 


बोर्ड ने अभिभावकों से की ये अपील
बोर्ड ने अभिभावकों को सूची देख लेने और इन स्कूलों में बच्चों का दाखिला दिलाने से बचने के लिए कहा है। वहीं शिक्षकों से मिली जानकारी के अनुसार जिन स्कूलों की मान्यता रद्द की गई है, उनके 7000 से अधिक छात्रों ने 10वीं की परीक्षा के लिए आवेदन किया है। बोर्ड ने उन छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन स्कूलों को अंतिम बार परीक्षा लेने की अनुमति दे दी है।