logo

जमशेदपुर में दिनदहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग, CCTV में कैद हुई वारदात

chen3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब महिला अपने घर से कचरा फेंककर वापस लौट रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार पहले महिला के सामने से गुजर गए। जैसे ही महिला घर की ओर लौटने लगी, बदमाश दोबारा उसके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर गले से चेन छीन ली। महिला ने विरोध करते हुए चेन बचाने की कोशिश की, लेकिन खींचतान में उसके गले पर गंभीर खरोंच आ गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।


पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बदमाश पहले रेकी करते हैं और फिर मौका पाकर वारदात को अंजाम देते हैं। दोनों आरोपी हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त की जाएगी।