द फॉलोअप, रांची
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की लॉ एंड ऑर्डर उप समिति की बैठक 10 जुलाई को चैंबर भवन में आयोजित हुई। बैठक में राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में हाल के दिनों में हुई चोरी, लूट और रंगदारी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर जोर दिया। उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने कहा कि रांची के दो प्रमुख उद्यमियों के आवासों पर चोरी के प्रयास और एक व्यापारी से रंगदारी मांगने की घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों का पुलिस और प्रशासन पर विश्वास मजबूत होगा।

चैंबर के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक मल्लिक ने गोड्डा में एक व्यवसायी के साथ हुई लूट की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यापारिक गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए सुरक्षित माहौल जरूरी है। उन्होंने पुलिस गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की। उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस के सूचना तंत्र को मजबूत करने पर बल दिया, जबकि राम बांगड़ ने प्रशासन से मामलों की शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। बैठक में मनीष सराफ सहित चैंबर के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
