बोकारो
झारखंड के बोकारो जिले का लुगू बुरू घांटा बाड़ी इन दिनों श्रद्धा, संस्कृति और आदिवासी अस्मिता के अद्भुत संगम में बदल गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को यहां पहुंचे और लुगू बाबा की पूजा-अर्चना की। उनके आगमन के साथ ही पूरा परिसर ‘लुगू बाबा की जय’ के नारों से गूंज उठा।
सुबह से ही लुगू पहाड़ की चढ़ाई पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बताया जा रहा है कि एक लाख से ज्यादा लोग अब तक लुगू बाबा के दर्शन कर चुके हैं। देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालु इस पवित्र स्थल पर पहुंचे हैं। चारों ओर पारंपरिक गीत, नृत्य और पूजा के स्वर गूंज रहे हैं।

श्रद्धालुओं के लिए सख्त सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था
भीड़ के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा की व्यापक व्यवस्था की है। करीब 650 अतिरिक्त पुलिस बल और 150 अधिकारियों की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम भी बनाया गया है जो चौबीसों घंटे सक्रिय है। स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन दल और स्वयंसेवी संस्थाएं लगातार सेवा में लगी हैं।
दर्शन के लिए पहाड़ की चढ़ाई और उतराई दोनों दिशा में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। प्रशासन ने पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, लाइन व्यवस्था, खिचड़ी वितरण और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की है।
.jpeg)
मुख्यमंत्री के दौरे से श्रद्धालु उत्साहित
मुख्यमंत्री के आगमन से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा गया। उन्होंने लोगों से इस परंपरा को एकता और सामाजिक सद्भाव की मिसाल के रूप में आगे बढ़ाने की अपील की। आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का आईजी सुनील भास्कर ने भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रद्धालु इस बार की व्यवस्थाओं से खासे संतुष्ट नजर आए। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि इस साल लुगू बुरू महोत्सव में श्रद्धा के साथ-साथ अनुशासन और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया गया है, जो प्रशासन और स्थानीय लोगों की जागरूकता को दर्शाता है।
