logo

रांची : दिल्ली गए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से करेंगे मुलाकात!

a2026.jpg

रांची: 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो गए। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सीएम हेमंत सोरेन ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सकते हैं। झारखंड में बुधवार को कैबिनेट की बैठक में 1932 के खतियान को लागू करने और ओबीसी आऱक्षण को 14 फीसदी से बढ़ाकर 27 फीसदी करने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके एक दिन बाद मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा काफी अहम माना जा रहा है। 

राष्ट्रपति से किस मुद्दे पर होगी चर्चा! 
गौरतलब है कि 1932 के खतियान को लागू करने संबंधी विधेयक को झारखंड विधानसभा से पारित करने के पश्चात केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। इसे 9वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री राष्ट्रपति से मुलाकात के दरम्यान इस संबंध में वार्ता करेंगे। गौरतलब है कि हालिया राष्ट्रपति चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पार्टी लाइन और महागठबंधन धर्म से ऊपर उठकर एनडीए उम्मीदवार का समर्थन किया था। इसकी 2 वजहें थीं। पहले तो ये कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आदिवासी हैं। दूसरा ये कि द्रौपदी मुर्मू झारखंड की पहली महिला राज्यपाल रही थीं। 

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से की है मुलाकात
मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा चर्चा में इसलिए भी है क्योंकि गुरुवार को ही उन्होंने राजभवन जाकर राज्यपाल रमेश बैस से आकस्मिक मुलाकात की थी। राज्यपाल से मुलाकात करके मुख्यमंत्री ने खनन पट्टा लीज से जुड़े ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से चुनाव आयोग के मंतव्य की प्रति देने की भी मांग की। खबरें हैं कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 17 सितंबर को वापस रांची लौटेंगे। सियासी गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री राष्ट्रपति के समक्ष राज्यपाल की शिकायत कर सकते हैं।