logo

रांची : "आपका सपना पूरा कर रहा हूं", पिता शिबू सोरेन से मिलकर बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

a1923.jpg

रांची: 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज मोरहाबादी रांची स्थित आवास में अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्य सभा सांसद शिबू सोरेन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें 14 सितंबर 2022 को संपन्न हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में 1932 खतियान आधारित झारखंड का स्थानीय निवासी की परिभाषा एवं पहचान हेतु विधेयक, 2022 के गठन की स्वीकृति दिए जाने एवं अन्य बड़े निर्णयों के संबंध में अवगत कराया।

 

शिबू सोरेन ने सीएम हेमंत सोरेन को दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने भेंट-वार्ता के क्रम में कहा कि हमारी सरकार आपके सपनों को पूरा कर रही है। आपके लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद जिस उद्देश्य से अलग झारखंड राज्य मिला है, अब उस राज्य को हमारी सरकार हर क्षेत्र में बेहतर दिशा देकर आगे बढ़ा रही है। मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्य सभा सांसद शिबू सोरेन ने मुख्यमंत्री को हरेक राज्य वासियों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने का आशीर्वाद दिया।

कैबिनेट ने 1932 लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में 1932 के खतियान को लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। साथ ही ओबीसी आरक्षण को 14 फीसदी से बढ़ाकर 27 फीसदी करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। झारखंड में इसे लेकर जश्न का माहौल है। 5 सितंबर को झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि उनकी सरकार 1932 के खतियान को लागू करने पर जल्दी फैसला लेगी।