logo

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे बनारस, कहा- जनता से पूछिए उन्होंने इंडिया गठबंधन को क्यों चुना

लाैतददक9.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार की रात बनारस पहुंचे। बनारस में वह एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उनको मीडिया कर्मियों ने एयरपोर्ट में घेर लिया और उनसे सात राज्यों में हुए उपचुनाव में इंडिया गठबंधन को मिली जीत पर कुछ कहने को कहा। इस पर हेमंत सोरेन ने जवाब दिया कि इसमें ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है। अब यह प्रतिस्पर्धा है इस लोकतंत्र की। इसमें जनता से यह बात पूछनी चाहिए, कि आप लोगों ने इंडिया गठबंधन को क्यों चुना। जनता को ही सर्वोपरि बताया। वह सब जानती है। इसके बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि मैं बनारस आता रहता हूं। मेरा इस शहर से काफी साल पुराना लगाव है। इस शहर को लेकर मेरी आस्था और भक्ति है। यह शहर मुझे काफी पसंद है। 


बनारस जाने से पहले हेमंत सोरेन दिल्ली भी गये थे। वहां उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। इस दौरान हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। इस मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है। मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने कहा था कि 'जेल से बाहर आने के बाद मेरी सोनिया गांधी से मुलाकात नहीं हुई थी। इसलिए मैं उनसे मिलने आया था  

विधानसभा चुनाव पर हुई बात?
क्या दिल्ली में सोनिया गांधी के साथ झारखंड विधानसभा चुनाव पर चर्चा हुई? इस सवाल के जवाब में हेमंत सोरेन ने कहा कि, अभी चुनाव के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। इस पर आगे बात करेंगे। केंद्र सरकार की ओर से 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने के फैसले पर हेमंत सोरेन ने कहा कि, वो (भारतीय जनता पार्टी) क्या करेगी। क्या कहेगी। ये तो वही जानती है। बस एक बात है कि जनता अब वो नहीं रही जो इनको लगता है। जनता को अब पैसों से नहीं खरीदा जा सकता है। इस देश और यहां के लोकतंत्र की यह खूबसूरती है कि लोग बहुत संवेदनशील हैं। लोग बर्दाश्त करने की क्षमता भी रखते हैं लेकिन, जब अपनी पर आते हैं तो फिर दिखाते हैं उनकी ताकत क्या है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को यह सब समझना चाहिए। 

न्यायपालिका का मजाक बना दिया
हेमंत सोरेन ने केजरीवाल को मिले अंतरिम बेल पर कहा कि, पिछले दिनों क्या हुआ? कितना ड्रामा हुआ यह सब जानते हैं। हेमंत सोरेन ने कहा कि बीजेपी ने न्यायपालिका को भी षड्यंत्र के तहत मजाक बनाने का प्रयास किया है। अरविंद केजरीवाल को अंतरिम बेल मिली लेकिन, वह बाहर नहीं आ पाये इसका मुझे खेद है। मुझे पूरी उम्मीद है कि वो जल्द ही बाहर आयेंगे।

Tags - Hemant Soren Hemant Soren Banaras Hemant Soren News Hemant Soren Update Hemant Soren Jharkhand