logo

Devghar : झारखंड ने अपनी छाती फाड़कर राष्ट्र के विकास में योगदान दिया, अब केंद्र की बारी- हेमंत सोरेन

hemant_soren_pm_modi.jpg

डेस्क: 

पीएम मोदी झारखंड के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन ना केवल देवघर बल्कि पूरे झारखंड के लिए एतिहासिक है। उन्होंने कहा कि आज का दिन एतिहासिक क्यों है क्योंकि वर्षों से जो सपना यहां के लोगों ने देखा था उसे आज हकीकत में बदलता हुआ देख रहे हैं। पीएम मोदी की उपस्थिति में सपना हकीकत में बदल रहा है ये हमारे लिए गर्व का विषय है। आज देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन हो रहा है। ये हर्ष का विषय है। 

केंद्र और राज्य के सहयोग से हो रहा है विकास! 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने झारखंड में कई नई कनेक्टिविटी की घोषणा की। हमें उम्मीद है कि इस पर जल्दी ही काम भी शुरू होगा। सीएम ने कहा कि प्रगति में कनेक्टिविटी का बहुत महत्व है। चाहे वो वायुमार्ग हो। जलमार्ग हो या सड़क मार्ग हो। साहिबगंज में अंतर्देशीय जलमार्ग बनकर तैयार है। प्रधानमंत्री को इसके लिए धन्यवाद देता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो राज्य बीते 20 वर्षों से जहां का तहां खड़ा था वो अब हिलता-डुलता नजर आ रहा है। केंद्र और राज्य के तालमेल से राज्य का विकास हो रहा है। देवघर एयरपोर्ट बनकर तैयार है। जो सपना हमने देखा था, पीएम के सहयोग से वो पूरा हो रहा है। यहां आज 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं इस राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। 

झारखंड ने अपनी छाती फाड़कर किया राष्ट्र का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी मकान या महल को बनाने में मजदूरों का सबसे अहम योगदान होता है। मजदूर अपनी मेहनत से महल खड़ा करता है लेकिन महल बनने के बाद उसमें रहने वाले लोग मजदूरों को भूल जाते हैं। उसी प्रकार, झारखंड है। झारखंड ने बीते कई वर्षों से राष्ट्र के निर्माण में अपना अहम योगदान दिया है। अपनी छाती फाड़कर लोहा और कोयला सहित अन्य खनिज संपदा से राष्ट्र के विकास में योगदान कर रहा है। अब बारी राष्ट्र की है कि वो झारखंड की ओर ध्यान दे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें उम्मीद है कि राज्य के विकास में केंद्र का सहयोग मिलेगा। राज्य का चौतरफा विकास होगा। 

एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले परिवारों का शुक्रिया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में दूसरा एयरपोर्ट भी बनकर तैयार हो गया। देवघऱ की वैश्विक पहचान मिलेगी। एयरपोर्ट के निर्माण में 600 से अधिक जमीन का अधिग्रहण किया। 300 परिवारों ने अपनी जमीन दी। उनको विस्थापित होना पड़ा। सीएम ने कहा कि एयरपोर्ट के लिए त्याग करने वाले उन 300 परिवारों का शुक्रिया अदा करता हूं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने देश की प्रगति में योगदान दिया है। केंद्र का सहयोग रहा। लोगों का सहयोग रहा तो मैं वादा करता हूं कि आगामी पांच से छह साल में देश के अग्रणी राज्यों में झारखंड भी गिना जायेगा। उन्होंने कहा कि मैं बहुत कुछ कहना चाहता हूं लेकिन पहले पीएम को सुन लेता हूं।