logo

Dumka : मालिकों के घर का चक्कर लगाते हैं मीडिया वाले, तब भी नहीं बनती BJP की सरकार: हेमंत सोरेन

hemantsoren112.jpg

मोहित: 

झारखंड मुक्ति मोर्चा का 43वां स्थापना दिवस समारोह 2 फरवरी को मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपराजधानी दुमका के गांधी मैदान में किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन सहित पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने समारोह में शिरकत की। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने 2 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं वहीं केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड के साथ भेदभाव होता है। 

शिबू सोरेन ने सरकार को क्या नसीहत दी
झारखंड मुक्ति मोर्चा के मुखिया शिबू सोरेन ने कहा कि प्रदेश में बहुत सारी खनिज संपदा है। बावजूद इसके राज्य का विकास नहीं हो रहा। इसके कारणों पर सोचने और विचार करने की जरूररत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को व्यवस्था को कंट्रोल कर आगे बढ़ने पर विचार करना चाहिए। शिबू सोरेन ने कहा कि कोरोना माहमारी की वजह से झामुमो स्थापना दिवस समारोह को सादगी के साथ मना रही है। उन्होंने कहा कि महामारी ईश्वरीय देन है। ईश्वर ही इसे समाप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि जब हमने आंदोलन किया था। उस समय के जवान लोग अब बूढ़े हो गये। जो बच्चे थे वो जवान हो गये हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को बताना होगा कि पूर्वजों ने क्या किया था। 

खाली खजाना और कोरोना विरासत में मिला! 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार, भ्रष्टाचारियों, बेइमानों औऱ गरीब-गुरबों को लूटने वाली सरकार थी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भी एक महामारी जैसी थी जिसे जनता ने उखाड़ फेंका। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि जब हमने सत्ता संभाला तो खजाना खाली था। कोरोना महामारी हमें उपहार में मिली, लेकिन धीरे-धीरे ही सही झारखंड को लगातार प्रगति पथ पर बढ़ाने का काम महागठबंधन सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 2 साल में प्रदेश में जितना काम हुआ उतना 20 साल में नहीं हुआ था। 

राज्य में अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले जाएंगे! 
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार निजी विद्यालयों की तर्ज पर अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय खोलने पर विचार कर रही है ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों पर भी भड़ास निकाली। कहा कि अखबार वाले बड़े-बड़े मालिकों के घर का चक्कर लगाते हैं। इससे क्या मिला। जनता ने प्रदेश में बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंका। अब यूपी की भी बारी है। पत्रकारों को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि विकास करना है तो नशे से दूर रहना होगा। उन्होंने आम लोगों से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने को कहा। 

स्थानीय विधायक बसंत सोरेन ने क्या मांग की! 
स्थानीय विधायक बसंत सोरेन ने भी समारोह को संबोधित किया। कहा कि मसलिया प्रखंड के 204 गांवों में पानी और सिंचाई की व्यवस्था शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। रानिश्वर में भी 700 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। बसंत सोरेन ने मांग की है कि दुमका में मिनी सचिवालय हाईकोर्ट का बेंच बनाया जाये। उपराजधानी दुमका में भी राजधानी रांची की तरह विकास का काम होना चाहिए। बसंत सोरेन ने सरकार से इस पर ध्यान देने की मांग की। 

आज भी रोजगार को लेकर झारखंडियों से धोखा
जामा विधायक सीता सोरेन ने कहा कि पूर्वजों के बलिदान और संघर्ष की बदौलत हमें अलग राज्य मिला। इसे व्यर्थ नहीं जाने दिया जाना चाहिये। सीता सोरेन ने कहा कि आज भी झारखंडियों को बरगला कर उनका रोजगार छीना जा रहा है। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिये। सीता सोरेन ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने केवल जनता का शोषण किया। कार्यक्रम को वरिष्ठ नेता नलिन सोरेन और जिला परिषद अध्यक्ष जोएस मुर्मू ने भी संबोधित किया।