जामताड़ा
जामताड़ा थाना क्षेत्र के पाकडीह मोहल्ले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान संदीप मंडल के पुत्र राज मंडल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राज मंडल घर से करीब 3 बजे खेलने के लिए निकला था। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों की नजर तालाब में तैरते हुए बच्चे पर पड़ी। यह देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तुरंत तालाब से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल और मृतक के घर पहुंच गए। अस्पताल से शव घर पहुंचते ही पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। हर किसी की आंखें नम दिखीं। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे पाकडीह मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है।
.jpeg)