द फॉलोअप डेस्क, रांची:
कांग्रेस नेत्री और बड़कागांव की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद के सरकारी आवास को सील किए जाने के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश उनके समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने इस प्रशासनिक कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि दिवाली जैसे पावन मौके पर अम्बा प्रसाद के साथ अन्याय हुआ है। इस तरह की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए थी।
मीडिया से बातचीत करते हुए केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया कि सरकार को बदनाम करने के उद्देश्य से अधिकारियों ने गलत फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ अम्बा प्रसाद के साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

दिवाली से पहले जिला प्रशासन ने सील किया था सरकारी आवास
गौरतलब है कि दीपावली से एक दिन पहले प्रशासनिक टीम ने मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में अम्बा प्रसाद के धुर्वा स्थित सरकारी आवास को सील कर दिया था। जब अंबा प्रसाद वहां पहुंचीं, तब तक प्रशासन की कार्रवाई पूरी हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने आवास के बाहर टेंट लगवाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और उसी टेंट में दीपावली मनाने का ऐलान किया। अम्बा प्रसाद ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अपने साथ पक्षपात किए जाने का आरोप लगाया था। वहीं, नियमानुसार चुनाव हारने के बाद पूर्व विधायकों को सरकारी आवास खाली करना होता है। ऐसे में सरकारी आवास को लेकर हुई इस कार्रवाई ने राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है।
