द फॉलोअप डेस्क, रांची:
IRS अधिकारी निशा उरांव(Nisha Oraon) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर निशा भगत(Nisha Bhagat) मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि निशा भगत से घटना वाले दिन उनकी आखिरी बातचीत हुई थी। उस बातचीत को याद करते हुए उन्होंने इस मामले में सरकारी गवाह बनने की बात कही है। निशा उरांव ने स्पष्ट किया कि वह सच्चाई को सामने लाने और निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी।
उन्होंने कहा कि यदि न्याय नहीं मिला, तो इस मामले को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह केवल इस मामले तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि महिला सुरक्षा, सामाजिक न्याय और समाज से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को भी मजबूती से उठाएंगी और इनके लिए लगातार योगदान देती रहेंगी।

क्या है निशा भगत की मौत का पूरा मामला?
झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की 6 नवंबर को रांची के पिठोरिया स्थित आवास पर उन्होंने आत्महत्या कर ली थी। घटना से कुछ समय पहले उन्होंने फेसबुक पर करीब 10 मिनट तक लाइव आकर अपनी परेशानियों और संघर्षों को साझा किया था। लाइव वीडियो में वह कथित तौर पर जमीन माफियाओं, सोशल मीडिया पर चरित्र हनन, धमकियों और प्रशासनिक सहयोग नहीं मिलने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करती नजर आई थीं। उन्होंने लाइव के दौरान पिठोरिया थाना प्रभारी से फोन पर बातचीत भी की थी।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए हैं। अब IRS अधिकारी निशा उरांव के सरकारी गवाह बनने के बयान से यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।
