द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में शिशु पंजी अपडेट करने का काम जारी है। शिक्षकों को निर्देश दिया गया है विद्यालय के आसपास के पोषक क्षेत्र के सभी बच्चों का नाम इस पंजी में अपडेट किया जाए। बावजूद इसके प्रगति रिपोर्ट सही नहीं है। इस कड़ी में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने निर्देश दिया है कि दिसंबर की छूट्टी से पहले अगर सही ढ़ंग से इसे अपडेट नहीं किया गया तो शिक्षकों की छुट्टी कैंसिल कर दी जाएगी। केवल विशेष परिस्थिति में ही छुट्टी स्वीकृत की जाएगी।

स्कूल बंद होने से पहले पूरा करें काम
शिक्षा विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि शिशु पंजी अद्यतीकरण में उम्मीद के आधार पर प्रगति नहीं हो पा रही है। इसलिए शीतकालीन अवकाश के पहले शिक्षक अपने आवंटित टोले-मोहल्ले का हाउस होल्ड सर्वे पूरा कर लेना सुनिश्चित करें। सभी शिक्षक शिशु पंजी अपडेट करने के बाद ही अवकाश पर जाएंगे। विशेष परिस्थिति में वे जिला शिक्षा पदाधिकारी से अवकाश स्वीकृत कराएंगे। जानकारी हो कि 23 दिसंबर के बाद से स्कूल बंद हो जाएंगे और दो जनवरी 2024 तक बंद रहेंगे।

क्या है शिशु पुंजी
झारखंड सरकार राज्य के ऐसे बच्चे जो विद्यालय नहीं जाते या विद्यालय छोड़ चुके हैं, उनकी पहचान कर उन्हें विद्यालय से पुनः जोड़ना की कोशिश में लगी है। इस प्रयास में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अन्तर्गत समग्र शिक्षा के तहत 03 से 18 साल के बच्चों के विद्यालय में नामांकित होने या नामांकित नहीं होने तथा विद्यालय से ड्रॉप आउट होने से संबंधित जानकारी लेने के लिए शिशु पंजी अद्यतन, 2023- 24 संबंधी कार्य जारी है। सरकार का उद्देश्य है कि इस आयु वर्ग के सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान की जाए।