logo

झारखंड में बढ़ी ठंड की ठिठुरन, जानिए अगले 5 दिनों का मौसम

झारखंड में बढ़ी ठंड की ठिठुरन, जानिए अगले 5 दिनों का मौसम

रांची: 
Jharkhand News:
उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब झारखंड में दिखने लगा है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, पिछले 24 घंटे में लातेहार राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में अब तक राज्य का सबसे कम तापमान है। लातेहार के अलावा गुमला, रांची और खूंटी में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।

गुमला में 2 डिग्री गिरा पारा, रांची में 9.8 डिग्री तापमान
गुमला के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यहां पारा गिरकर 7.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, रांची में न्यूनतम तापमान 9.8 और खूंटी में 9.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सिमडेगा में न्यूनतम तापमान 10.4 और हजारीबाग में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची के न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट आई है। यहां पारा गिरकर 9.8 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। नवंबर में लगातार दूसरे साल रांची का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे गया है। इससे पहले 27 नवंबर 2025 को रांची का पारा 8.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, जो पिछले पांच वर्षों में नवंबर का सबसे कम तापमान था।

अगले तीन दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, 30 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण सुबह और रात के समय ठंड के साथ कनकनी महसूस हो रही है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 नवंबर से 3 दिसंबर तक रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान रांची में अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रह सकता है। धूप निकलने से दोपहर में मौसम सुहावना रहने का अनुमान है।

30 नवंबर के बाद 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है न्यूनतम तापमान
27 नवंबर से 3 दिसंबर तक झारखंड में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। तापमान के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 नवंबर को न्यूनतम तापमान 10, 29 नवंबर को 11 और 30 नवंबर को 12 डिग्री रह सकता है। वहीं, 1 और 2 दिसंबर को झारखंड में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 3 दिसंबर को इसमें एक डिग्री की गिरावट हो सकती है।

नवंबर में 10 साल में तीसरी बार रांची का पारा 10 डिग्री से नीचे
पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में रांची का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जाने का यह तीसरा मौका है। इससे पहले 2017 में 9.2 और 2025 में 8.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। इस बार 27 नवंबर को रांची का पारा 9.8 डिग्री पर पहुंच गया है।

ऊंचाई और वन क्षेत्र की वजह से लातेहार में ज्यादा ठंड
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, लातेहार और आसपास के पठारी इलाकों में सर्दियों के दौरान तापमान तेजी से गिरता है। इसकी प्रमुख वजह यहां की भौगोलिक बनावट और ऊंचाई है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान सामान्यतः कम रहता है। इसके अलावा खुले और वन क्षेत्रों में रात के समय धरती की सतह से गर्मी तेजी से बाहर निकलती है। इस कारण यहां दूसरे इलाकों के मुकाबले ज्यादा ठंड पड़ती है। गुमला भी इसी श्रेणी में आता है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं का असर भी इन इलाकों में महसूस हो रहा है। फिलहाल न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह के बाद ठंड और बढ़ सकती है।

Tags - Jharkhand WeatherRanchi ColdLatehar TemperatureGumla WeatherCold Wave Alert