logo

लातेहार में बोले चिराग पासवान- हेमंत सोरेन ने झारखंड की जनता को पूरी दुनिया के सामने शर्मसार किया

मपगीोु3.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान सोमवार को झारखंड पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह लातेहार गये और वहां आयोजित हुंकार रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड की जनता को शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में झारखंड के विकास की अपार संभावनाएं थीं। लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड राज्य के विकास में पूरी तरह से अवरोध खड़ा कर दिया। सरकार में शामिल लोग अपने स्वार्थों को पूरा करने में लगे रहे, हद तो तब हो गई जब भ्रष्टाचार के आरोप में मुख्यमंत्री को भी जेल जाना पड़ा। 


झारखंड शर्मसार हुआ है
मुख्यमंत्री के अलावा कई अन्य मंत्री और अधिकारियों को भी भ्रष्टाचार के मामले में जेल जाना पड़ा है। इस पूरी घटना से झारखंड की जनता पूरी दुनिया में शर्मसार हुई है। उन्होंने कहा कि झारखंड के वर्तमान शिक्षा मंत्री लातेहार जिले के प्रतिनिधि हैं। इसके बाद भी आज तक लातेहार जिले में शिक्षा व्यवस्था सबसे बदतर है। जनता किससे पूछे कि चुनाव से पहले किए गए वादों का क्या हुआ?


पिता ने विकसित झारखंड का देखा था सपना
इस दौरान चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता रामविलास पासवान ने विकसित झारखंड का सपना देखा था। अब मैं संकल्प लेता हूं कि झारखंड राज्य को देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल करूंगा। लेकिन इसके लिए राज्य के युवाओं को एकजुट होकर राज्य के विकास में सहयोग करना होगा। जो लोग लूट और नफरत की राजनीति करते हैं, उन्हें सबक सिखाना होगा। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ दो जातियां हैं, एक अमीर और दूसरी गरीबय़ उनका पहला उद्देश्य गरीबों को सशक्त बनाना है, चाहे उनकी जाति, धर्म या पंथ कुछ भी हो। उनके पिता ने सबको साथ लेकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। 

Tags - Latehar news Latehar news Chirag in Latehar Chirag Paswan Ram Vilas LJP Chirag Paswan