द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के किसान यूरिया न मिलने के कारण काफी परेशान नजर आ रहे हैं। यूरिया के लिए किसान लगातार इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने आज गुमला मुख्यालय स्थित टावर चौक को जाम कर दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे महिला-पुरुष किसानों ने सरकार पर समय पर खाद उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया। किसानों ने आशंका जताई कि यदि जल्द खाद उपलब्ध नहीं हुआ, तो उनकी धान की फसल बर्बाद हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ स्थानों पर यदि खाद उपलब्ध है, तो वह काफी महंगे दामों पर मिल रहा है, जिससे उन्हें खरीदने में कठिनाई हो रही है।
टावर चौक जाम होने की सूचना मिलते ही जिला कृषि पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसानों का आक्रोश कम होता नहीं दिखा। दरअसल, गुमला जिले के अधिकांश क्षेत्रों में इन दिनों यूरिया की सही ढंग से आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पूरे आंदोलन का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता देवकी देवी कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आज हर कोई किसान द्वारा उपजाई गई फसल को अपने घर में बैठकर खाता है, लेकिन किसानों की चिंता कोई नहीं कर रहा है, जो कि अत्यंत चिंता का विषय है।
