logo

ट्रैफिक जाम में फंसकर परेशान होती है पब्लिक, निजात दिलाने का उपाय ढूंढ़ें- चंपाई सोरेन

a827.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक और बालू की कमी को लेकर समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान शहरों को ट्रैफिक जाम की समस्या को गंभीर बताते हुए इसके समाधान का तरीका निकालने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की सुविधा के लिए यह जरूरी है कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में विभिन्न तरह के निर्माण कार्य जैसे फ्लाईओवर निर्माण, वॉटर पाइपलाइन का कार्य, नाला का निर्माण इत्यादि की वजह से अगर ट्रैफिक से संबंधित समस्याएं उत्पन्न होती हैं तो इन सभी समस्याओं का वैकल्पिक उपाय निकलते हुए जाम की समस्या से आम जनता को निजात दिलाएं।

रिक्शा चालकों को परमिट देकर रूट निर्धारित करें
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रांची शहर में चलने वाले ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा चालकों को परमिट देने तथा रूट निर्धारित करने की दिशा में कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची शहर के भीतर परिचालन व्यवस्था के सुधार हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य की जाए तभी ट्रैफिक की समस्या का समाधान किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि नगर निगम द्वारा संचालित  सिटी बसों के यात्री पड़ाव एवं समय का निर्धारण सुनिश्चित करें ताकि राहगीरों को सुविधा मिल सके।

फुटपाथ दुकानों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट करें! 
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि रांची शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह जरूरी है कि सड़क किनारे लगने वाले फुटपाथ दुकानों को वेंडिंग जोन का निर्माण कराकर व्यवस्थित किया जाए, इस निमित्त रांची नगर निगम द्वारा शहर के 11 चिन्हित स्थानों पर वेंडिंग जोन बनाने की दिशा में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वेंडिंग जोन निर्माण में अगर कोई समस्या उत्पन्न हो रही है तो मुख्य सचिव के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए समस्याओं का निराकरण यथाशीघ्र कर लें।