द फॉलोअप डेस्क
CM हेमंत सोरेन आज बोकारो जिले में ‘आपकी योजना-आपकी सरकार’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम सोनाबाद के हाई स्कूल कैंपस में होगा। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान करोड़ों की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही करोड़ों की परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री यहां 168 करोड़ 21 लाख 88 हजार रुपए की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने वाले हैं। जिसमें 49 करोड़ 23 लाख 29 हजार की योजना का उद्घाटन और 118 करोड़ 98 लाख 58 हजार रुपए की योजना का शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर जवानों की तैनाती की गई है। अधिकारियों को विशेष दिशा निर्देश भी दिए गए हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम और श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी होंगे।

300 पुलिस जवान और पदाधिकारी की तैनाती
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर 300 पुलिस जवान और पदाधिकारी की तैनाती की गई है। सभी जगह मजिस्ट्रेट की भी तैनाती कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि पूरी व्यवस्था मुकम्मल कर ली गई है। कार्यक्रम स्थल पर जिले के वरीय अधिकारी मुस्तैद हैं। बोकारो उपायुक्त कुलदीप चौधरी खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं. एसपी प्रियदर्शी आलोक ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने का निर्देश दिया है। चास एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ता समेत लोगों में उत्साह है।