logo

पंचायतों में लगेंगे ड्राइविंग लाइसेंस कैंप, जल्द शुरू होगी ‘गुरुजी आपातकालीन सेवा-1944’; सीएम हेमंत ने दिए निर्देश

CMDL.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा पंचायत स्तर पर विशेष कैंप लगाने का निर्देश दिया है। परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे लोगों को लाइसेंस बनवाने के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिलावार रूट मैपिंग और सड़क नेटवर्क मजबूत करने का निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने जिलावार मैपिंग और रूट चार्ट तैयार करने और सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने पर जोर दिया ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बेहतर हो सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुड सेमेरिटन योजना और हिट एंड रन मुआवजा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचनी चाहिए ताकि जरूरतमंद समय पर इसका लाभ उठा सकें।

‘गुरुजी आपातकालीन सेवा-1944’ जल्द होगी शुरू
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि 'गुरुजी आपातकालीन सेवा-1944’ शुरू करने की तैयारी चल रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने योजना को जल्द से जल्द लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सेवा आपात स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम लोगों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा।
 

Tags - Jharkhand NewsHemant SorenDriving License CampGuruji Emergency Service 1944Jharkhand Transport Department