logo

Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन और राज्यपाल रमेश बैस रथयात्रा में हुए शामिल, विधिवत पूजा भी की

A242.jpg

डेस्क: 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल रमेश बैस शुक्रवार को पारंपरिक भगवा परिधान में नजर आये। दोनों ने विधि-विधान से पूजा की। मौका था जगन्नाथ रथ यात्रा का। दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल रमेश बैस शुक्रवार को राजधानी रांची के धुर्वा में आयोजित जगन्नाथ रथयात्रा में शामिल हुए। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुरोहितों के निर्देशानुसार पूरे विधि-विधान से भगवान जगन्नाथ की आरती की। पुरोहितों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को टीका भी लगाया। मंदिर परिसर का एक वीडियो भी सामने आया है। 

 

सीएम ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना
वीडियो में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भगवान जगन्नाथ के सामने पुरोहितों के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। पुरोहित विधिवत मंत्रों का उच्चारण कर रहे हैं और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी लयबद्ध होकर उन्हें दोहरा रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री हाथ जोड़कर आंखे मूंदे पूरी तन्यमता से भगवान की पूजा करते नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर पारंपरिक भगवा धोती और अंगवस्त्र धारण कर रखा है। वे भगवान को पुष्पांजलि भी अर्पित करते हैं और उनकी आरती उतारते हैं।

 

2 साल बाद हुआ जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन
कोरोना महामारी की वजह से 2 साल के लंबे अंतराल के बाद भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिला और पुरुष श्रद्धालु सड़क पर भगवान जगन्नाथ के रथ के सामने पंक्ति में बैठे नजर आये। सबके सामने पत्तल में फूल रखा था जो उन्हें रथयात्रा के समय भगवान को अर्पित करना था। श्रद्धालु भी पारंपरिक पोशाक में दिखे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री के जगन्नाथ मेला में शिरकत करने से लोगों का उत्साह दोगुना हो गया। राज्यपाल रमेश बैस का भी अलग अंदाज रथयात्रा में दिखा।

वे भी पारंपरिक पोशाक पहने दिखे। उन्होंने भी विधिवत पूजा अर्चना की। बीच में बारिश भी आई। सुरक्षाकर्मियों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को छाता के जरिये बारिश से भीगने की बचाने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बारिश और भक्ति, दोनों में खूब भीगे। 

सांसद संजय सेठ और सुबोधकांत सहाय भी हुए शामिल
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल रमेश बैस के साथ रांची के सांसद संजय सेठ, और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय सहित बीजेपी, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई अन्य नेता औऱ कार्यकर्ता भी नजर आये। लोगों ने यहां भगवान जगन्नाथ का जयघोष कर अपने उत्साह का परिचय दिया। पूरा रास्ता, भगवान जगन्नाथ की भक्ति में सराबोर दिखा। बारिश भी लोगों की भक्ति में कमी नहीं ला सकी। 2 साल बाद  आयोजित हो रहे रथयात्रा में लोगों ने उल्लास और खुशी से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गये थे। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल रमेश बैस ने इस मौके पर श्रद्धालुओं को जगन्नाथ रथयात्रा की शुभकामनाएं दीं। पूरे उल्लास और उमंग के साथ पर्व को मनाने की सलाह दी।