रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में 18 से 26 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री और अधिकारियों के बीच अंतरराष्ट्रीय दौरे से जुड़े विभिन्न अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में झारखंड का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में भाग लेगा। यह पहला अवसर होगा जब झारखंड का प्रतिनिधिमंडल इस वैश्विक मंच पर सहभागिता करेगा, जिसे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

दावोस में प्रस्तावित बैठकों और कार्यक्रमों के माध्यम से झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक ढांचा, सतत विकास आधारित नीति, पर्यटन क्षमता और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों एवं उद्योगपतियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इसको लेकर विभागीय तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। दावोस यात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम (लंदन) का दौरा करेगा। लंदन में संस्थागत, शैक्षणिक और निवेश से जुड़े सहयोग, नीति एवं ज्ञान आधारित संवाद तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय दौरा राज्य में निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक विकास को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियाँ समन्वित, प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दावोस और यूनाइटेड किंगडम का यह दौरा झारखंड को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
