logo

सभी 14 लोकसभा सीटों पर फतह के बाद केंद्र से लेंगे बकाया राशि, हेमंत ने भरी हुंकार

soren21.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। 2024 में होने वाले लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के लिए बेहतर रणनीति के साथ तैयारी करने का मंत्र दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 2024 के चुनावों के लिए कमर कसने और हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करना है। लोकसभा की सभी 14 सीटों पर जीतेंगे, तो केंद्र सरकार से राज्य का 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाया मिल जाएगा। इसे राज्य के विकास में लगाएंगे। 


अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास 
सीएम ने कि कहा कि राज्य सरकार 26 दिसंबर तक पूरे राज्य में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन सरकरा कर रही है। इस कार्यक्रम के तहत झारखंड के सभी जिले, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर लोगों को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम संचालित करने का उद्देश्य राज्य के एक-एक व्यक्ति यानी विकास की राह में खड़े अंतिम पायदान के व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है।  संवाद कार्यक्रम में खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, रांची, सिमडेगा एवं लोहरदगा जिले से पहुंचे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पार्टी के पंचायत स्तर से लेकर केंद्रीय स्तर तक के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। 


विरोधी को देना होगा मुंह तोड़ जवाब 
मुख्यमंत्री ने खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, रांची, सिमडेगा और लोहरदगा जिले के कार्यकर्ताओं से कहा कि विरोधी दल सरकार की छवि खराब करने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्हें मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा। इसी संकल्प के साथ आज हमलोग एकत्रित हुए हैं। साल 2019 की तरह हमें एकजुटता का परिचय 2024 में भी देना होगा। विपक्ष हमारी सरकार गिराने में लगे थे, ये हमारी एकजुटता का ही परिचय है कि ये लोग सफल नहीं हो पाए। इस मौके पर सीएम सोरेन ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गांव- गांव, घर-घर जाकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी दी।, कहा हमें इसी संकल्प के साथ घर जाना चाहिए कि हम सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।