द फॉलोअप डेस्क:
रांची के कोकर से 18 महीने की बच्ची अदिति 9 मई की शाम 4 बजे से लापता है। इस संबंध में द फॉलोअप झारखंड की खबर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है। सीएम हेमंत ने रांची पुलिस को निर्देश दिया है कि अदिति की तलाश के लिए की गई कार्रवाई के संबंध में उन्हें सूचित किया जाए। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर रांची पुलिस को टैग करते हुए निर्देश दिया है कि अदिति बिटिया की तलाश से जुड़े अभियान में की गई कार्रवाई के बारे में हमें तुरंत सूचित करें। मुख्यमंत्री ने झारखंड पुलिस के वरीय अधिकारियों और उपायुक्त को भी तलब किया है।
.@ranchipolice अदिति बिटिया की खोज से जुड़े अभियान में कार्रवाई करते हुए शीघ्र सूचित करें।@DC_Ranchi @JharkhandPolice https://t.co/fO3QWDeLTe
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) May 10, 2026
18 महीने की अदिति लापता
गौरतलब है कि रांची के कोकर इलाके से 18 महीने की मासूम बच्ची अदिति पांडेय लापता है। जानकारी के अनुसार, कोकर निवासी मनीष पांडेय की बेटी अदिति 9 मई की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रही थी और इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। जब अदीति नहीं मिली तब परिजनों ने आसपास और पूरे मोहल्ले में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

सदर थाना में शिकायत दर्ज
घटना के बाद परिजनों ने सदर थाना में बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अदिति का कोई सुराग नहीं मिला है। बच्ची के गायब होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत 6205250103 नंबर पर संपर्क करें।